डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर (Jalandhar) जिले में देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खतरनाक गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के नाम पर एक एनआरआई (NRI) परिवार से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नकोदर (Nakodar) सदर थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित जांच कर आरोपियों को काबू कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव बहादुरपुर, थाना बिलगा (Bilga) निवासी तीरथ सिंह और धर्मकोट सदर निवासी जसबीर सिंह उर्फ जज्जा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।
आरोपियों से गहन पूछताछ
जालंधर (Jalandhar) देहात पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने पहले भी किन-किन लोगों को निशाना बनाया और इस गिरोह में उनके अन्य साथी कौन-कौन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मामले की जानकारी देते हुए एसपी विनीत अहलावत ने बताया कि यह केस 21 मार्च 2026 को गांव शंकर निवासी बलजिंदर कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 12 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे उनके पति को एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गिरोह का सदस्य बताते हुए 10 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
गोलीबारी करने की धमकी
आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि तय समय में रकम नहीं दी गई तो परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके अलावा, पीड़ित महिला के बेटे रंजीत सिंह, जो विदेश में रहता है, को भी व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन संदेशों में एक दिन के भीतर 1.5 करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर गांव शंकर स्थित उनके घर पर गोलीबारी करने की धमकी दी गई थी।
धमकी में यह भी कहा गया था कि उनके घर के पास खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी और बड़े मकान को निशाना बनाया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस गिरोह के तार किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।







