डेली संवाद, अमृतसर। Priyanka Chopra Visits Golden Temple Amritsar News: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मंगलवार को अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल पहुंचीं, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से दरबार साहिब में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने पूरी मर्यादा का पालन करते हुए सिर पर दुपट्टा ढका हुआ था और साधारण श्रद्धालु की तरह गुरुद्वारा परिसर में समय बिताया।
दर्शन करने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने लंगर हॉल में जाकर सेवा भी की। उन्होंने जूठे बर्तन धोने में हाथ बंटाया और लंगर से जुड़े अन्य कार्यों में भी सहयोग दिया। इस दौरान वह कुछ समय के लिए बैठकर गुरबाणी भी सुनती रहीं। उनकी इस सादगी और सेवा भाव ने वहां मौजूद लोगों को प्रभावित किया।
चार बजे गोल्डन टेंपल पहुंचीं
सूत्रों के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) करीब साढ़े चार बजे गोल्डन टेंपल पहुंचीं और लगभग आधे घंटे तक वहां रहीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। पत्रकारों द्वारा सवाल पूछने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और शांति से अपनी सेवा पूरी कर वहां से रवाना हो गईं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इस अवसर पर प्रियंका गोल्डन रंग के सूट में नजर आईं, जो बेहद सादगीपूर्ण और मर्यादित था। गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश करते ही उन्होंने सिर को दुपट्टे से ढक लिया और पूरे समय धार्मिक अनुशासन का पालन किया।
2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब
अगर उनके करियर की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा का सफर संघर्षों से भरा रहा है। उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मीं प्रियंका ने बचपन में कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन उन्होंने अपने हौसले और मेहनत से सभी बाधाओं को पार किया। महज 18 साल की उम्र में उन्होंने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया।
इसके बाद उन्होंने पहले तमिल सिनेमा और फिर बॉलीवुड में कदम रखा। *ऐतराज*, *कृष*, *फैशन*, *डॉन 2* और *अग्निपथ* जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर उन्होंने खुद को इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल किया। हालांकि, 2015 के बाद उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली।
एक्ट्रेस ने पहचान बनाई
बाद में एक पॉडकास्ट में प्रियंका ने खुलासा किया कि उन्हें इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा था और लगातार पॉलिटिक्स का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने हॉलीवुड का रुख किया और बतौर सिंगर और एक्ट्रेस अपनी नई पहचान बनाई।
आज प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड में भी एक बड़ा नाम बन चुकी हैं। निक जोनस से शादी के बाद वह लॉस एंजिलिस में बस गईं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हैं। गोल्डन टेंपल में उनका यह दौरा उनके आध्यात्मिक जुड़ाव और सेवा भाव को दर्शाता है, जिसे उनके प्रशंसकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।







