डेली संवाद, चंडीगढ़। Bomb Threat: शहर में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया। इस बार चंडीगढ़ के विभिन्न पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा ईमेल रविवार देर रात संबंधित विभागों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। सोमवार को दफ्तर खुलने के बाद जब अधिकारियों ने ईमेल देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

इसके बाद पुलिस (Police) और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल रविवार, 1 मार्च को रात 11 बजकर 46 मिनट पर भेजा गया। ईमेल aarna_ashwinshekhar@outlook.com
आईडी से चंडीगढ़ प्रशासन, पासपोर्ट कार्यालय और पोस्ट ऑफिस की ईमेल आईडी पर भेजा गया था। ईमेल के विषय (सब्जेक्ट) में लिखा था कि शहर के सभी पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस भवनों में 12 जहरीले गैस बम धमाके होंगे।

1 मार्च को ईमेल भेजा

इसके साथ ही ईमेल में कुछ व्यक्तियों पर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 2 मिनट पर पुलिस को आधिकारिक रूप से सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सभी दफ्तरों को खाली करवा दिया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एहतियात के तौर पर भवनों के अंदर और आसपास किसी की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

पुलिस ने बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस सर्चिंग के दौरान हर कमरे, हॉल, बेसमेंट और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। दोपहर करीब डेढ़ बजे सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद दफ्तरों में कामकाज दोबारा शुरू कर दिया गया।

Chandigarh Bomb Threat

विभागों को अलर्ट कर दिया

सेक्टर-34 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह ने बताया कि ईमेल मिलने के बाद सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ईमेल में जिन नामों का जिक्र किया गया है, उनके संबंध में जांच की जा रही है और फिलहाल इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

ईमेल में भेजने वाले ने अपना नाम आरना अश्विन शेखर बताया है। उसमें दावा किया गया है कि पिछले एक वर्ष से उसके साथ छेड़छाड़ की घटनाएं हुई हैं। ईमेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि चेन्नई की अदालत में पॉक्सो एक्ट के तहत एक मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही कुछ संगठनों का नाम लेते हुए यह कहा गया है कि न्याय दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है। ईमेल के अंत में चेतावनी दी गई है कि पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालयों को उड़ा दिया जाएगा।

Bomb Threat

दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। इससे पहले शहर के स्कूलों को दो बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और चंडीगढ़ जिला अदालत को भी कई बार ईमेल के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

ताजा मामले में पुलिस की साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। ईमेल की आईपी एड्रेस ट्रेस करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शरारती तत्वों द्वारा दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल शहर में किसी तरह की घबराहट की स्थिति नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां हर पहलू से पड़ताल कर रही हैं।

Share.

मानसी जायसवाल, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। वे लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 5 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने पंजाब के जालंधर के खालसा कालेज से एमए की डिग्री हासिल की है।

Exit mobile version