डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पहले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सोमवार रात से शुरू हो गया, जिससे राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
वहीं आज कई जगहों पर तेज हवाएं, बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है। बुधवार को भी राज्य भर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, मालेरकोटला में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों, विशेषकर राजधानी चंडीगढ़ में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग अनुसार आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 28 जनवरी, 31 जनवरी और 1 फरवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।








