डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar: शहर के व्यस्त लाल बाजार इलाके में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब जेबीएम ज्वैलर्स के मालिक दीपू पर कुछ हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान के अंदर घुसकर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। लाल बाजार में स्थित जेबीएम ज्वैलर्स की दुकान पर मालिक दीपू रोज की तरह मौजूद थे।

इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर दुकान में दाखिल हुए और बिना किसी चेतावनी के दीपू पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए दीपू को गंभीर रूप से घायल किया और फिर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस (Police) मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया।

MCX लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका
बाजार के एक अन्य कारोबारी गौरव वर्मा ने बताया कि इस हमले के पीछे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में किए गए पैसों के लेनदेन का विवाद हो सकता है। उनका कहना है कि दीपू का ‘बस्ती गुजा’ स्थित एयस ज्वैलर्स के विक्की सहदेव और साहिल सहदेव के साथ MCX से जुड़ा बड़ा लेनदेन था।
बताया जा रहा है कि सोने के भाव में हालिया गिरावट के बाद दीपू को सहदेव ब्रदर्स से बड़ी रकम लेनी थी। इसी बकाया राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था, जो अब हिंसक रूप ले बैठा। कुछ व्यापारियों का आरोप है कि सहदेव ब्रदर्स MCX के नाम पर अवैध कारोबार करते हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी
हमले के बाद घायल दीपू को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।











