डेली संवाद, जालंधर/अमृतसर। Punjab Jalandhar AAP Leader Lucky Obroy Murder Case News Update: पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की सनसनीखेज हत्या के 38 घंटे बाद पुलिस को पहली बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस केस का मुख्य़ आरोपी कत्ल किए गए लक्की ओबराय का नौकर निकला, जिसे अमृतसर में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब (Punjab) के अमृतसर (Amritsar) में रूरल पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल लक्की ओबरॉय (Lucky Obroy Murder) के नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी को शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से .30 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई है। शनिवार रात करीब 9 बजे अमृतसर रूरल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

एनकाउंटर में शिंगरी घायल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी पुलिस से बार-बार रहम की गुहार लगाता रहा और कहता रहा कि “एक बार बचा लो, गलती हो गई, दोबारा गलती नहीं करूंगा।”
इससे पहले दिनभर जालंधर (Jalandhar) पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी करने की बात कहती रही, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। हत्या के करीब 24 घंटे बाद जालंधर पुलिस के अधिकारी हरिंदर गिल ने पहली बार सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया कि लक्की ओबरॉय की हत्या में उनके नौकर की भूमिका सामने आई है। इससे पहले पुलिस इसे केवल ‘मैटर ऑफ इन्क्वायरी’ बताकर मामले से पल्ला झाड़ती रही थी।

थाना पांच में एफआईआर
पंजाब (Punjab) के डीजीपी गौरव यादव (DGP Gaurav Yadav IPS) ने भी इससे पहले बयान दिया था कि पुलिस को इस मामले में बड़ी लीड मिली है और आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। हालांकि, अब तक मुख्य शूटर और एक अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जालंधर के थाना-5 में दो आरोपियों के खिलाफ बाइनेम पर्चा दर्ज किया गया है।
DIG बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शमिंदर सिंह जालंधर (Jalandhar) के मिठापुर इलाके का रहने वाला है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। वह कई मामलों में पहले भी शामिल रह चुका है। जांच में सामने आया है कि हत्या के समय आरोपी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार था।

शिंगरी ने फायरिंग की
अमृतसर रूरल के SSP सुहैल कासिम मीर ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके से भागने की फिराक में है। शनिवार को जब आरोपी मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। घबराहट में आरोपी गिर पड़ा और इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
प्राथमिक पूछताछ में शमिंदर सिंह ने हत्या में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान भी बताई है। इसके आधार पर पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लक्की ओबराय का कत्ल
गौरतलब है कि AAP नेता लक्की ओबरॉय (Lucky Obroy Murder) की 6 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे जालंधर के मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर कुल पांच गोलियां चलाईं, जो उनके सीने, पेट और गर्दन में लगीं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
43 वर्षीय लक्की ओबरॉय (Lucky Obroy Murder) का अंतिम संस्कार 7 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे कर दिया गया। परिजनों और समर्थकों ने इस हत्या को सोची-समझी साजिश करार दिया है। शुरुआती जांच में हत्या का कारण खालसा कॉलेज की प्रधानगी से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही हत्याकांड (Lucky Obroy Murder) से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जोगा ने ली कत्ल की जिम्मेदारी
गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने कत्ल की जिम्मेदारी ली। उसने पोस्ट में लिखा- जालंधर में जो लक्की ओबेरॉय का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं जोगा फोलड़ीवाल लेता हूं। ये कत्ल हमने अपनी आपसी दुश्मनी के चलते करवाया है। सोशल मीडिया पर इसे AAP नेता कहकर वायरल किया जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है।
पुलिस ने ऐसे पता लगाया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक्टिवा लक्की के नौकर शिंगरी की निकली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मिट्ठापुर की ओर से निकल गए थे। इसके बाद शिंगरी एक्टिवा को ठिकाने लगाकर हुंडई अलकजार गाड़ी से जाता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस की अब तक की जांच के मुताबिक, सोनू खत्री गैंग ने कत्ल की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल को शूटर प्रोवाइड कराया था। लक्की के नौकर शिंगरी पर शक इसलिए भी गहराया क्योंकि वह वारदात के बाद से गायब था। इसके साथ फोन भी बंद था।











