नई दिल्ली/चंडीगढ़। NEET UG 2026: मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने इसकी अधिसूचना जारी करते हुए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी है। इच्छुक उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
नीट यूजी 2026 (NEET) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च निर्धारित की गई है। इस वर्ष एनटीए (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और फर्जीवाड़ा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से कई अहम बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव आधार ई-केवाइसी को अनिवार्य किया जाना है। अब बिना आधार सत्यापन के आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी।
आधार ई-केवाइसी अब जरूरी
एनटीए (NTA) के नए नियमों के अनुसार, अभ्यर्थी के पास सक्रिय आधार कार्ड होना अनिवार्य है, जो मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा।
जिसके माध्यम से अभ्यर्थी की पहचान सत्यापित की जाएगी। आधार ई-केवाइसी का उद्देश्य एक ही उम्मीदवार द्वारा एक से अधिक आवेदन करने और फर्जी पहचान के मामलों पर रोक लगाना है।
लाइव फोटो अपलोड करना होगा
इस बार फोटो अपलोड करने के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले जहां अभ्यर्थी पुरानी पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड कर सकते थे, वहीं अब ऐसा संभव नहीं होगा। फॉर्म भरते समय लाइव फोटो क्लिक करना अनिवार्य कर दिया गया है।
एक्सपर्ट के अनुसार, लाइव फोटो या तो कंप्यूटर/लैपटॉप के वेबकैम से ली जा सकती है या फिर मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर कैमरे के जरिए क्लिक की जा सकती है। यह फोटो सीधे आधार कार्ड में मौजूद फोटो से मिलान की जाएगी।

फोटो के लिए सख्त दिशा-निर्देश
एनटीए (NTA) ने फोटो को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। लाइव फोटो में अभ्यर्थी का चेहरा कम से कम 80 प्रतिशत फ्रेम में होना चाहिए। फोटो लेते समय टोपी, हैट, हेलमेट, सनग्लास या रंगीन चश्मा पहनना सख्त मना है।
सामान्य चश्मा भी तभी मान्य होगा जब आंखें स्पष्ट रूप से दिखाई दें। नियमों का उल्लंघन करने पर आवेदन तुरंत रद्द किया जा सकता है।
परीक्षा केंद्र चयन में भी बदलाव
इस वर्ष परीक्षा केंद्र चुनने की प्रक्रिया को भी अधिक सख्त बना दिया गया है। अब अभ्यर्थी अपनी मर्जी से कोई भी शहर परीक्षा केंद्र के रूप में नहीं चुन पाएंगे। परीक्षा केंद्र केवल स्थायी पते या वर्तमान पते के आधार पर ही आवंटित किए जाएंगे।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आवेदन फॉर्म में भरा गया पता ही परीक्षा केंद्र निर्धारण का आधार बनेगा, इसलिए पता भरते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। गलत या अधूरा पता देने पर परीक्षा केंद्र दूर या असुविधाजनक स्थान पर मिल सकता है।
तकनीकी सुविधा और सावधानी की सलाह
यदि किसी अभ्यर्थी का वेबकैम खराब है या उपलब्ध नहीं है, तो वह मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर लाइव फोटो ले सकता है। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय इंटरनेट कनेक्शन, कैमरा और आधार विवरण पहले से जांच लें।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार छोटी-सी गलती भी आवेदन रद्द होने का कारण बन सकती है। इसलिए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ना और फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
NEET UG 2026: आवेदन शुरू, जानिए नए नियम
- आवेदन वेबसाइट: neet.nta.nic.in
- अंतिम तिथि: 8 मार्च
- आधार ई-केवाइसी अनिवार्य
- आधार मोबाइल नंबर से लिंक होना जरूरी
- रजिस्ट्रेशन के समय ओटीपी वेरिफिकेशन
- अब पुरानी फोटो मान्य नहीं
- फॉर्म भरते समय लाइव फोटो क्लिक करना जरूरी
- फोटो वेबकैम या मोबाइल (क्यूआर कोड) से ली जा सकती है
- टोपी, कैप, रंगीन चश्मा पहनना मना
- चेहरा कम से कम 80% फ्रेम में होना चाहिए
- फोटो आधार कार्ड की फोटो से मैच होगी
- परीक्षा केंद्र मनपसंद शहर में नहीं मिलेगा
- केंद्र केवल स्थायी/वर्तमान पते के आधार पर मिलेगा
- गलत जानकारी देने पर फॉर्म रद्द हो सकता है

अभी से फरें फार्म
नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) के लिए एनटीए द्वारा किए गए ये बदलाव परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने की दिशा में बड़ा कदम माने जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते सही जानकारी के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।













