डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: बुनियादी ढांचे के विकास में और तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री तथा श्री आनंदपुर साहिब से विधायक हरजोत सिंह बैंस ने आज घोषणा की कि इलाके में सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने तथा आर्थिक विकास को प्रोत्साहन देने के लिए बुनियादी ढांचे से संबंधित महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों को हरी झंडी मिल गई है।
यहाँ जारी वीडियो संदेश में हरजोत सिंह बैंस (Harjot Bains) ने श्री आनंदपुर साहिब हलके के लोगों को बधाई दी और बताया कि श्री आनंदपुर साहिब हलके के पांच महत्वपूर्ण पुलों को भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा मंजूरी मिल गई है।
डबल पुल एक रणनीतिक परियोजना
बैंस ने कहा, ‘‘श्री आनंदपुर साहिब में विकास युद्ध स्तर पर चल रहा है।’’ उन्होंने बताया कि स्वीकृत पुल प्रोजेक्टों में ब्रह्मपुर और डरोली पुल शामिल हैं, जो वास्तव में नहर निर्माण के समय बनाए गए थे। इन पुलों को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अब दोबारा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगूवाल डबल पुल एक रणनीतिक परियोजना है। इन पुलों के निर्माण से खासकर गुरु का लाहौर में विवाह पर्व और श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाली संगत को जहां बड़ी सुविधा होगी, वहीं ट्रैफिक की समस्या भी हल होगी। उन्होंने कहा, ‘‘इससे संगत के लिए निर्विघ्न यात्रा सुनिश्चित होगी।’’
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
इसके अलावा, अटारी गांव का पुल अटारी गांव को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा, जिससे लंबे चक्कर खत्म होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। इसी तरह भाओवाल पुल से क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरसा नंगल पुल प्रोजेक्ट का टेंडर पहले ही जारी हो चुका है और इसका काम 14 अप्रैल के आसपास शुरू हो जाएगा।
दो हफ्तों के अंदर शुरू होगा काम
बैंस ने नंगल से कलमा मोड़ सड़क और भंगलां से कानपुर खूही सड़क संबंधी योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की। नंगल से कलमा मोड़ सड़क 10 करोड़ रुपये की लागत से भारी औद्योगिक आवाजाही की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई जाएगी, जबकि भंगलां से कानपुर खूही सड़क को अपग्रेड करने से बस संपर्क में सुधार होगा और खेड़ा कलमोट में पानी भरने की समस्याओं से निपटने के लिए सड़क के दोनों तरफ कंक्रीट की ड्रेन बनाई जाएगी। यह प्रोजेक्ट लगभग 12.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इन दोनों प्रोजेक्टों पर काम अगले दो हफ्तों के अंदर शुरू हो जाएगा।












