डेली संवाद, लुधियाना। Punjab: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में भारत नगर चौक के सबसे व्यस्त इलाके में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब ऊपर बने एलिवेटेड पुल से अचानक भारी-भरकम गेहूं की बोरियां नीचे गिर गईं। हादसे की चपेट में दो कारें और सड़क किनारे की दुकानें आ गईं। गनीमत रही कि कार सवारों की जान बच गई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, पुल पर ओवरलोड ट्रक से 50-50 किलो वजन की गेहूं की बोरियां नीचे गिरने लगीं। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण बोरियों का जोर इतना अधिक था कि नीचे खड़ी और गुजर रही कारों की छतें दब गईं और दरवाजे टूट गए। प्रभावित कारों में एक स्विफ्ट और दूसरी होंडा सिटी थी। साथ ही सड़क किनारे खड़ी बाइक भी बोरियों की चपेट में आ गई।

मौके पर मौजूद दुकानदार ने बताया कि वह अपनी दुकान में बैठा था और अचानक ऊपर से गिरने की आवाज सुनी। जैसे ही बाहर देखा तो पाया कि एलिवेटेड पुल से कई बोरियां नीचे आ रही थीं। उनकी दुकान का बोर्ड और बाहर लगी छतरी पूरी तरह टूट गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर में 130.50 करोड़ का GST घोटाला बेनकाब, शहर का प्रमुख कारोबारी गिरफ्तार
दुकानदार ने कहा कि अगर कोई पैदल यात्री उस वक्त वहां होता तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। हादसे के समय दोनों कारों में ड्राइवर मौजूद थे। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर ड्राइवरों को बाहर निकाला। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मामले की जांच कर रही
पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि ओवरलोड ट्रक को पुल पर जाने की अनुमति कैसे मिली। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ट्रक का तिरपाल या रस्सियां ढीली थीं, जिसके कारण बोरियां गिर गईं।
हादसे के बाद इलाके में अस्थायी यातायात बाधा भी देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इलाके में सावधानी बरतें और मौके पर जांच में सहयोग करें। घटना ने लुधियाना के व्यस्त इलाके में सुरक्षा की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह चेतावनी दी है कि बड़े पुलों पर ओवरलोड ट्रक की निगरानी और सख्त नियमों की जरूरत है।









