डेली संवाद, संगरूर/मोहाली। Punjab CM Bhagwant Mann Hospitalised in Fortis Mohali: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार संगरूर में उनका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया, जिसके बाद तत्काल उनका प्राथमिक चेकअप कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Singh Mann) को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। हालांकि अभी तक अस्पताल प्रशासन या आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। अस्पताल में पंजाब (Punjab) के डीजीपी गौरव यादव (DGP Gaurav Yadav) और चीफ सेक्रेटरी भी मौजूद बताए जा रहे हैं।

मंदिर दर्शन के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान दोपहर में संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने मंदिर में पूजा-पाठ और हवन यज्ञ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद अचानक सीएम की तबीयत बिगड़ गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर में 130.50 करोड़ का GST घोटाला बेनकाब, शहर का प्रमुख कारोबारी गिरफ्तार
स्वास्थ्य कारणों के चलते उनका संगरूर के बाद प्रस्तावित फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया है। वहीं 16 फरवरी को मोगा में निर्धारित उनकी रैली को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरों की सलाह के बाद ही आगे के कार्यक्रमों पर फैसला लिया जाएगा।

पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
यह पहला अवसर नहीं है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक खराब हुई हो। सितंबर 2025 में पंजाब में आई बाढ़ के दौरान बार्डर क्षेत्र के दौरे के समय भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय उन्हें लो हार्ट रेट (धीमी धड़कन), थकान और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उस दौरान वे करीब चार दिन तक अस्पताल में रहे थे। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अस्पताल से ही कैबिनेट बैठक की थी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों की समीक्षा भी की थी। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल उस समय सीधे सीएम आवास पहुंचे थे, क्योंकि स्वास्थ्य कारणों से निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा था।

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में
ताजा घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पूरी तरह जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
प्रदेशभर में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अब सभी की नजरें अस्पताल की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सके।









