डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक विधायक के पीए ने एक शादी समारोह से शराब की बोतल उठाकर अपनी कार की डिक्की में रख ली। हालांकि इस मामले में विधायक के पीए ने सामने आकर इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक को शादी समारोह स्थल के बाहर कुछ लोगों द्वारा घेरकर पीटते हुए देखा जा सकता है। पंजाब (Punjab) में तेजी से साथ वायगल हो रहे वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि शराब की बोतल उठाकर ले जाने वाला युवक विधायक का पीए है। वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

सियासत में हलचल
वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है। वीडियो के ऊपर लिखा गया है कि क्या किसी विधायक का पीए या करीबी शादी समारोह से शराब की बोतलें उठाते हुए पकड़ा गया है। इसी पोस्ट के नीचे कमेंट सेक्शन में कई लोग विधायक के पीए का नाम लिखते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इससे विधायक और उनके स्टाफ की छवि को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला जगराओं के मशहूर स्नेह मोहन रिसॉर्ट का है, जहां एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। हालांकि पड़ताल में सामने आया है कि यह वीडियो हाल का नहीं बल्कि करीब 10 से 12 दिन पुराना है।
ये विधायक कार्यक्रम में आए
जानकारी के अनुसार उस दिन एक विधायक अपने काफिले के साथ जगराओं के स्नेह मोहन रिसॉर्ट में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनके साथ उनका ड्राइवर भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों और विधायक के ड्राइवर जस्सा के बीच बहस हो गई।
यह बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने ड्राइवर की पिटाई कर दी। इसी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ वायरल किया जा रहा है।
लोगों ने किया झगड़ा
वायरल वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि एक युवक को कई लोग घेरकर पीट रहे हैं। इसी के आधार पर कुछ लोगों ने यह दावा करना शुरू कर दिया कि यह युवक विधायक का पीए है, जिसने शादी समारोह से शराब की बोतल उठाई थी।
मामला बढ़ने के बाद विधायक के पीए कमल ने सामने आकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वीडियो में पिट रहा व्यक्ति वह नहीं है। कमल ने साफ कहा कि वह उस दिन शादी समारोह में गए ही नहीं थे।
ड्राइवर जस्सा के साथ मारपीट
उन्होंने कहा कि यह घटना करीब 12 दिन पुरानी है और इसमें उनका कोई लेना-देना नहीं है। कमल के अनुसार उस दिन जो विवाद हुआ था वह विधायक के ड्राइवर जस्सा के साथ हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझ भी गया था।
कमल ने बताया कि उस समय जिन लोगों के साथ विवाद हुआ था उन्होंने बाद में अपनी गलती मानते हुए विधायक और ड्राइवर दोनों से माफी भी मांग ली थी। इसके बाद मामला खत्म हो गया था।
विधायक की छवि खराब करने की कोशिश
उन्होंने आरोप लगाया कि अब किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर इस पुराने वीडियो को गलत कैप्शन के साथ दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल किया है ताकि उनकी और विधायक की छवि खराब की जा सके।
कमल ने कहा कि इस तरह की झूठी और भ्रामक खबरें फैलाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

वीडियो बनाने वाले के खिलाफ शिकायत
उन्होंने बताया कि वह वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति ‘मन्न चंदन’ और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत देने जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि इस वीडियो के असली सोर्स की जांच की जाए और जो भी व्यक्ति झूठी जानकारी फैलाने में शामिल हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई लोग वीडियो की सच्चाई जानने की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।










