डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब विधान सभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले देश के सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को दिल से बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियों और बेटों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
पंजाब का नाम चमकाया
उन्होंने बड़े गर्व के साथ कहा कि पटियाला की सिमरनदीप कौर और रसनीत कौर, बलाचौर की कृतिका चौधरी, मानसा से मनप्रीत कौर और आकृति सिंगला जैसे हीरे ने पूरे देश में पंजाब (Punjab) का नाम चमकाया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह बहुत गर्व और खुशी की बात है कि फरीदकोट निवासी डॉ. कुलदीप सिंह के पुत्र सुनवर्दीप सिंह ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवाओं परीक्षा में 76वां रैंक प्राप्त किया है।

युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए पंजाब विधान सभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि सुनवर्दीप सिंह की यह शानदार सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे फरीदकोट जिले और समूचे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो साबित करती है कि कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
संधवां ने कहा कि आज के समय में युवाओं को सुनवर्दीप सिंह की सफलता से सीखने की जरूरत है। विद्यार्थियों को समाज की तरक्की के लिए योगदान देना चाहिए और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुनवर्दीप सिंह जैसे प्रतिभाशाली युवा समाज के लिए प्रकाश स्तंभ सिद्ध होते हैं, जो न केवल खुद आगे बढ़ते हैं बल्कि दूसरों को भी ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित करते हैं।
स्पीकर संधवां ने डॉ. कुलदीप सिंह और उनके परिवार को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और सुनवर्दीप सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये नए अधिकारी पूरी ईमानदारी और तनदेही से ‘रंगले पंजाब’ के सपने को साकार करेंगे।








