डेली संवाद, लुधियाना। Punjab: शहर में बीती रात लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में एक एटीएम को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जालंधर बायपास रोड स्थित एल्डिको के बाहर लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बदमाशों ने गैस कटर से काटकर करीब 7 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस (Police) ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

ट्रे में 7 लाख रुपये की नकदी थी
जानकारी के अनुसार यह वारदात रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि लुटेरे पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास गैस कटर समेत अन्य औजार मौजूद थे। एटीएम के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर रात के समय शटर बंद कर दिया जाता है, लेकिन बदमाशों ने गैस कटर की मदद से शटर को काट दिया और अंदर प्रवेश कर गए।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
अंदर घुसने के बाद आरोपियों ने एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर कैश बॉक्स को निशाना बनाया। बदमाश मशीन से नकदी से भरी चार ट्रे निकालकर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इन ट्रे में करीब 7 लाख रुपये की नकदी थी।

तुरंत पुलिस को सूचना दी
घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब स्थानीय लोग और एटीएम से जुड़े कर्मचारी वहां पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि एटीएम का शटर कटा हुआ था और मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस (Police) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाने की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि वारदात में 2 से 3 बदमाश शामिल हो सकते हैं। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








