Punjab News: पंजाब में एनडीपीएस मामलों में 89 प्रतिशत सजा दर दर्ज, ड्रग मनी से बनाई गई 323 संपत्तियां ध्वस्त

वित्त मंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक ‘आप’ सरकार ने सख्त कानून लागू करने, सामुदायिक भागीदारी और रोकथाम संबंधी गतिविधियों के माध्यम से नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है।

Muskaan Dogra
5 Min Read
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा
Punjab Government
Highlights
  • नशा तस्करी पर कड़ी कार्रवाई
  • ड्रोन और सीमा पार तस्करी पर नियंत्रण
  • आर्थिक और संपत्ति पर कार्रवाई
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब विधानसभा को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से बयान देते हुए पंजाब सरकार की नशा तस्करी के खिलाफ की गई व्यापक और सख्त कार्रवाई की जानकारी दी। पायल के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा द्वारा उठाए गए एक प्रश्न के उत्तर में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पिछले एक वर्ष से चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया।

वित्त मंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक ‘आप’ सरकार ने सख्त कानून लागू करने, सामुदायिक भागीदारी और रोकथाम संबंधी गतिविधियों के माध्यम से नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। इस अवधि के दौरान पंजाब पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत 36,178 एफआईआर दर्ज कीं और 47,902 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

429 बड़े तस्कर गिरफ्तार

आप सरकार द्वारा नशों की पूरी सप्लाई चेन तोड़ने के प्रयासों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि कुल 3,173 ड्रग सप्लायर और डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ-साथ 429 बड़े तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने इस अवधि में 2,276 किलोग्राम हेरोइन, 29 टन भुक्की, 686 किलोग्राम अफीम और 786 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसके अलावा 68 किलोग्राम चरस, 4 किलोग्राम कोकीन, 36 किलोग्राम आईसीई और 49 लाख से अधिक नशीली गोलियां व कैप्सूल भी जब्त किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

उन्होंने आगे बताया कि पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने 285 ड्रोन भी बरामद किए हैं, जिनके माध्यम से तस्करी की जा रही 338 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। इस कार्रवाई से सीमा पार से होने वाली नशों की सप्लाई के एक बड़े स्रोत पर प्रभावी रोक लगी है। ड्रग नेटवर्क के खिलाफ वित्तीय कार्रवाई के बारे में बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने इन कार्टेल की आर्थिक जड़ों पर भी प्रहार किया है। पंजाब पुलिस ने अब तक 17 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके अलावा 65 बड़े ड्रग ऑपरेटरों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सक्रिय अवैध हवाला नेटवर्क को भी प्रभावी रूप से ध्वस्त किया गया है।

सजा दर 89 प्रतिशत तक पहुंची

उन्होंने बताया कि लंबे समय तक प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों को सख्त सजा दिलाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। सुनवाई किए गए 6,822 मामलों में से 6,083 मामलों में दोषियों को सजा हुई है, जिससे राज्य में सजा दर 89 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह दर पूरे देश में सबसे अधिक मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सफलता डिजिटल साक्ष्यों के संग्रह और मजबूत वित्तीय ट्रैकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से संभव हुई है।

इसके अलावा पंजाब पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 47 घोषित अपराधियों, 636 भगोड़ों, 83 जमानत पर और 8 पैरोल पर बाहर आए अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार नशे से अर्जित धन के जरिए राज्य में बड़ी-बड़ी संपत्तियां खड़ी करने की अनुमति नहीं देगी। इस दिशा में सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक नशा तस्करों से जुड़ी 323 अवैध रूप से निर्मित संपत्तियों को ध्वस्त किया जा चुका है।

241 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त

इसके साथ ही 569 नशा तस्करों से संबंधित 241 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को भी जब्त कर लिया गया है। नशों के खात्मे के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम केवल पुलिस की कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पंजाब के परिवारों को नशे के खतरे से बचाने और राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

















Share This Article
Follow:
मुस्कान डोगरा, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। वे क्राइम, राजनीति और लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 4 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने हरियाणा के महर्षि दयानंद युनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन की डिग्री हासिल की है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *