डेली संवाद, मोगा। Amit Shah Moga Rally: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने पंजाब के मोगा में आयोजित ‘बदलाव रैली’ के जरिए राज्य में 2027 विधानसभा चुनाव का चुनावी बिगुल फूंक दिया। रैली में शाह केसरी रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे और कहा कि यह पगड़ी पूरे देश पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है। अपने संबोधन में उन्होंने दावा किया कि 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की सरकार बनेगी और पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उनके इस बयान से साफ संकेत मिला कि फिलहाल शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal) के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं दिख रही है।
रैली के दौरान अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो दो साल के भीतर राज्य से नशे के कारोबार को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को हंसाने वाला नहीं, बल्कि बेहतर तरीके से शासन चलाने वाला मुख्यमंत्री चाहिए। उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के एटीएम की तरह काम कर रहे हैं और राज्य की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
गुरु तेग बहादुर का किया स्मरण
अपने भाषण में अमित शाह (Amit Shah) ने सिख इतिहास और गुरुओं के बलिदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके सिर पर बंधी पगड़ी पूरे भारत पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर (Guru Tegh Bahadur) को याद करते हुए कहा कि उन्हें ‘हिंद की चादर’ कहा जाता है क्योंकि उन्होंने कश्मीरी पंडितों की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया था। शाह ने कहा कि अगर गुरु तेग बहादुर का बलिदान न होता तो देश में हिंदू समाज का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता था।
करतारपुर साहिब को लेकर बयान
गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने यह भी कहा कि अगर देश के विभाजन के समय भाजपा की सरकार होती तो करतारपुर साहिब (Gurdwara Darbar Sahib Kartarpur) भारत में ही रहता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ही करतारपुर कारीडोर (Kartarpur Corridor) बनाकर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का रास्ता खोला है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
अमित शाह (Amit Shah) ने यह भी कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामलों में उनकी सरकार ने 350 केस दर्ज कराए और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने दावा किया कि हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा भाजपा सरकार ने दिया।
AAP और कांग्रेस पर हमला
अमित शाह (Amit Shah) ने अपने भाषण में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) और कांग्रेस (Indian National Congress) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां किसानों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका के साथ ट्रेड डील की चर्चा हुई तो केजरीवाल ने उन्हें फोन कर किसानों के नुकसान की बात कही, लेकिन यह पूरी तरह गलत है।
अमित शाह (Amit Shah) कहा कि 2013 में विश्व व्यापार संगठन में एमएसपी को खत्म करने से जुड़ा समझौता कांग्रेस सरकार के समय हुआ था, लेकिन 2017 में इसकी पुष्टि करने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सरकार ने इनकार कर दिया।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा
अमित शाह (Amit Shah) ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि AAP सरकार के पास इसे खत्म करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल भी पहले सत्ता में रहे, लेकिन समस्या खत्म नहीं कर पाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो पंजाब को नशा मुक्त बना सकती है।
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि जैसे भाजपा ने Abrogation of Article 370 का फैसला लागू किया और देश को नक्सलवाद से काफी हद तक मुक्त किया, वैसे ही पंजाब में भी ड्रग्स के कारोबार को समाप्त किया जा सकता है।
AAP सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि AAP सरकार ने चुनाव के दौरान 25 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन यह पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि चार महीने में पंजाब को नशा मुक्त बनाने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि 16 हजार मोहल्ला क्लीनिक और 16 मेडिकल कॉलेज बनाने के वादे भी पूरे नहीं किए गए।
भाजपा को मौका देने की अपील
रैली के दौरान शाह ने लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब आज कर्ज, ड्रग्स, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उद्योग राज्य छोड़कर जा रहे हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब को इन समस्याओं से बाहर निकालना है तो डबल इंजन की भाजपा सरकार जरूरी है।
रैली से पहले शाह ने सोशल मीडिया पर भी पंजाब सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि पंजाब की पवित्र भूमि को AAP सरकार ने भ्रष्टाचार, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है और राज्य में कानून व्यवस्था व विकास नदारद है।
मनकीरत औलख के भाजपा में शामिल होने की चर्चा
रैली के दौरान यह चर्चा भी चली कि मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख (Mankirt Aulakh) भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि औलख ने इस तरह की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं और रैली में केवल परफॉर्म करने आए थे।
शाह ने अपने भाषण में दलित समाज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दलित समाज का सम्मान बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी (Guru Ravidas) के नाम पर एयरपोर्ट बनाकर सरकार ने दलित समाज को सम्मान देने का काम किया है।
गृह मंत्री के इस दौरे और बयानबाजी के बाद पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो गया है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले समय में राज्य की राजनीति और भी गरमाने की संभावना जताई जा रही है।
अकाली दल की प्रतिक्रिया
अमित शाह (Amit Shah) के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान पर अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल (Sukhbir Singh Badal) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर पार्टी को अपने फैसले लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने भी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा था और पार्टी अपने सिद्धांतों पर चलती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार पंजाब के लोग अकाली दल को 100 सीटों पर जिताकर सत्ता में वापस लाएंगे।
AAP मंत्री का पलटवार
इस बीच पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा (Aman Arora) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए 1600 करोड़ रुपये के मुआवजे का वादा किया था। उन्होंने पूछा कि क्या गृह मंत्री यह चेक लेकर पंजाब आए हैं।








