डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) के ऑटोमोबाइल सेक्टर से एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शहर के एक किया शोरूम (Kia Showroom) में तैनात महिला कैशियर पर कंपनी के साथ लाखों-करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगा है। इस खुलासे के बाद शोरूम प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
Kia शोरूम में गबन का खुलासा
शिकायतकर्ता इंद्र मोहन पाल सिंह के अनुसार आरोपी पूजा यादव को 8 अक्टूबर 2025 को लुधियाना स्थित शोरूम में कैशियर के पद पर तैनात किया गया था। उस पर नकदी और बिलिंग से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां थीं, लेकिन उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गड़बड़ी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मामले का खुलासा तब हुआ जब कंपनी के अकाउंट्स विभाग ने नियमित ऑडिट के दौरान रिकॉर्ड की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि पूजा यादव ने फर्जी और डुप्लीकेट रसीदें तैयार कीं। इतना ही नहीं, उसने एक ही यूटीआर नंबर का इस्तेमाल कर कई रसीदें जारी कर दीं, जिससे धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
जांच शुरू कर दी
बताया जा रहा है कि आरोपी ग्राहकों से प्राप्त रकम को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय खुद हड़पती रही। इस तरह उसने लंबे समय तक कंपनी को चूना लगाया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि गबन की कुल राशि और इसमें किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।








