डेली संवाद, चंडीगढ़। Petrol Price Hike: पंजाब में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों द्वारा बढ़ाए गए नए रेट शुक्रवार सुबह 6 बजे से पूरे राज्य में लागू हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण की गई है। अमेरिका, इजराइल और ईरान (Iran) के बीच बढ़ते तनाव का असर तेल बाजार पर पड़ा है, जिससे प्रीमियम फ्यूल महंगा हो गया है। मोहाली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत पहले 105.12 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 107.13 रुपए हो गई है। इसी तरह राज्य के सभी जिलों में प्रीमियम पेट्रोल के रेट में समान रूप से 2 रुपए का इजाफा किया गया है।

2 रुपए का इजाफा किया
मोहाली जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विंदर सिंह मोंगिया ने बताया कि पहले प्रीमियम पेट्रोल कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ही उपलब्ध था, लेकिन अब लगभग सभी 3600 पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है। कंपनियों की ओर से रेट बढ़ाने को लेकर पहले ही संदेश भेज दिए गए थे। माहिरों के अनुसार इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर शहरी इलाकों में देखने को मिलेगा। मोहाली, लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जैसे शहरों में प्रीमियम पेट्रोल की खपत अधिक है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
अनुमान के मुताबिक, एक पेट्रोल पंप पर रोजाना बिकने वाले 100 लीटर पेट्रोल में करीब 35 लीटर प्रीमियम पेट्रोल होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रीमियम पेट्रोल में इस्तेमाल होने वाले एडिटिव्स की लागत भी बढ़ी है, जिससे इसकी कीमतें बढ़ी हैं। हालांकि यह सामान्य पेट्रोल से पहले ही 5 से 10 रुपए महंगा होता है। ऐसे में इस बढ़ोतरी का असर मुख्य रूप से लग्जरी कारों और हाई-परफॉर्मेंस बाइक्स चलाने वाले लोगों पर पड़ेगा।







