डेली संवाद, चंडीगढ़/फिरोजपुर। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस (CI) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ समन्वय करके बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) जीजी-2, गांव महतम नगर, फाजिल्का के पास से 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद करके सीमा पार से तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया है।
यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान आधारित तस्कर जीरो लाइन पार करके सीमा पर लगी कंटीली बाड़ के पास पहुंच गए और अंधेरे का फायदा उठाकर उन्होंने भारत के क्षेत्र में नशीले पदार्थ भेजने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस घुसपैठ को रोकने के लिए सतर्क BSF के जवानों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद विस्तृत संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया और इन नशीले पदार्थों की बरामदगी की गई।

नेटवर्क का पर्दाफाश
एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीमों ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर शनिवार सुबह विशेष घात लगाकर हमला करने की योजना बनाई और गांव महतम नगर, फाजिल्का (Fazilka), जहां से पाकिस्तानी तस्कर खेप को आगे पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, के क्षेत्र में संयुक्त गुप्त ऑपरेशन चलाया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
उन्होंने कहा कि बीएसएफ में तैनात जवानों ने जवाबी कार्रवाई में तुरंत इस कोशिश को नाकाम कर दिया और इस ऑपरेशन के नतीजे के तौर पर मौके से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी हुई। एआईजी ने कहा कि समग्र नेटवर्क का पर्दाफाश करने और स्थानीय तस्कर का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 29 के तहत FIR नंबर 07 दिनांक 21-03-2026 दर्ज की गई है।







