डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के लंबा पिंड चौक स्थित सुविधा केंद्र में उस समय हंगामा मच गया, जब वार्ड नंबर 4 के पार्षद जगीर सिंह और केंद्र में कार्यरत एक एजेंट के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली बहस के रूप में शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पार्षद और एजेंट के बीच चले लात-घूंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो अचानक हाथापाई में तब्दील हो गई। घटना के दौरान सुविधा केंद्र में मौजूद लोग घबरा गए और स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही थाना नंबर 8 की पुलिस (Police) मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इस घटना को लेकर भाजपा नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह विवाद पार्षद की एक आधिकारिक मोहर (स्टैंप) और उससे जुड़े पैसों के लेनदेन का परिणाम है। आरोप है कि पार्षद जगीर सिंह ने करीब तीन महीने पहले अपनी स्टैंप किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए दी थी, जिसके पीछे आर्थिक लेनदेन की बात सामने आ रही है।

पैसों को लेकर विवाद बढ़ा
भाजपा नेताओं का दावा है कि जब पैसों को लेकर विवाद बढ़ा और मामला उलझ गया, तो पार्षद ने खुद को बचाने के लिए स्टैंप चोरी होने की कहानी गढ़ी। इसी मुद्दे को लेकर आज एजेंट के साथ बहस हुई, जो आगे चलकर झगड़े में बदल गई।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने अभी इस मामले में आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।







