डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के राज नगर इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। शनिवार देर रात करीब 12 बजे गोलीबारी की घटना से बस्तियात इलाके में दहशत फैल गई। इस फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान बब्बल के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जालंधर (Jalandhar) के राजनगर (Raj Nagar) में हुई इस घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल युवक दर्द से कराहता रहा। मजबूरन परिवार वालों ने उसे ऑटो के जरिए अस्पताल पहुंचाया। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
पुलिस ने जायजा लिया
सूचना मिलते ही बस्ती क्षेत्र से एडीसीपी-2 मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार 2 से 3 राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है, हालांकि मौके से केवल 2 खोखे बरामद हुए हैं। जिस हथियार से गोली चलाई गई, वह अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। घायल युवक के परिजनों ने उस पर लगाए जा रहे नशा बेचने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। युवक की मां भारती ने कहा कि उनके बेटे सन्नी लूथरा पर ‘चिट्टा’ बेचने के आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा किसी भी तरह के नशे के कारोबार में शामिल नहीं है।
दुश्मनी के चलते हमला
वहीं दूसरे पक्ष के सोनू और जसविंदर ने आरोप लगाया कि सन्नी लूथरा ने 15 से 20 युवकों को बुलाकर हमला करवाया। उनका कहना है कि आरोपियों ने उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूटी तेज चलाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जो बाद में रंजिश में बदल गया। इसी दुश्मनी के चलते यह हमला किया गया।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि घटना के दौरान सिर्फ गोलीबारी ही नहीं, बल्कि ईंट-पत्थर और दातर का भी इस्तेमाल किया गया। कुछ लोगों के अनुसार 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई। इलाके के एक निवासी कपिल ने आरोप लगाया कि कुछ युवक लंबे समय से इलाके में नशे का कारोबार कर रहे हैं और युवाओं को इसमें धकेल रहे हैं।
स्कूटी छीनकर फरार
घटना के दौरान एक बच्चा भी बाल-बाल बच गया। वहीं एक अन्य युवक हनी ने बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा था, लेकिन हमलावरों ने उसे भी पीट दिया और उसकी नई स्कूटी छीनकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।








