डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के अनुसार, Delhi Public School (DPS) के दो स्कूलों और Mayor World School को ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी गई। ईमेल में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए अभिभावकों को चेतावनी दी गई थी कि “अपने बच्चों को बचाओ,” जिससे भय का माहौल बन गया।
जालंधर (Jalandhar) के इन स्कूलों में धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वॉयड) और डॉग स्क्वॉयड की टीमों को तुरंत स्कूल परिसरों में भेजा गया, जहां उन्होंने हर कोने की गहन जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में प्रवेश और निकास पर भी सख्ती बढ़ा दी गई।
अंबेडकर की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी
जानकारी के अनुसार, डीपीएस स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई है। मेल में दावा किया गया है कि स्कूलों को निशाना बनाया जाएगा, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।इतना ही नहीं, इसी ईमेल में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मेल भेजने वालों ने खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताया है और इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें मेयर आफिस का भी जिक्र किया गया है।
इलाकों में बढ़ा दी सतर्कता
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 16 मार्च को भी शहर के चार प्रमुख स्कूल—एपीजे स्कूल (रामा मंडी), दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीटी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल—को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे। उस समय भी बड़े हमले का दावा किया गया था, जिसमें बैसाखी के दिन हमले की योजना का जिक्र था।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां ईमेल की जांच में जुटी हुई हैं और साइबर टीम की मदद से भेजने वालों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

धमकी भरी ईमेल में ये बातें लिखीं
धमकी वाली ईमेल में लिखा है- जालंधर के स्कूलों में बम ब्लास्ट होगा। अपने बच्चे बचाओ। पंजाब अब खालिस्तान बनेगा। देहसिवाबरमोहे स्टार्ट, जन-गण-मन बंद करो। बम और ग्रेनेड से हमला होगा, स्कूलों में 1.11 बजे और 2.11 बजे मेयर ऑफिस में बम फटेगा। ईमेल में आगे लिखा है- खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं।
हिंदुस्तान की मोदी सरकार को तबाह करेंगे। खालिस्तान वोटों से या बम से। बम या ग्रेनेड हमले में सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को भी ठोकेंगे। अमृतसर में डॉ. अंबेडकर के स्टेच्यू को 14 अप्रैल को बम धमाके से खत्म करेंगे। ईमेल पर भेजने वाले ने खालिस्तान नेशनल आर्मी का पता लिखा है। इसके नीचे इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकनशाह वाला, डॉ. गुरनिरबैर सिंह और खान राजादा का नाम लिखा है।








