डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के फरीदकोट जिले के जैतो में स्थित डीएसपी कार्यालय के प्रशासनिक परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दफ्तर के वॉशरूम में एक सांप घुस आया। घटना 10 अप्रैल की बताई जा रही है, जब कार्यालय के कर्मचारी रोजमर्रा के काम के दौरान वॉशरूम पहुंचे तो अंदर सांप को देखकर घबरा गए। अचानक सामने आए इस खतरे से कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया।
स्थिति को संभालने के लिए तुरंत दफ्तर में तैनात कांस्टेबल विक्रम शर्मा को बुलाया गया। विक्रम ने बिना घबराए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे बाहर खुले क्षेत्र में छोड़ दिया। इस दौरान किसी भी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू का वीडियो अपलोड किया
विक्रम शर्मा ने इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह वीडियो लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बाद में अपलोड किया गया, ताकि लोग ऐसे मामलों में घबराने के बजाय सही कदम उठाएं।
रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान धामन (कॉमन रैट स्नेक) के रूप में हुई है। विक्रम के अनुसार यह सांप जहरीला नहीं होता और इसका स्वभाव काफी शांत होता है। उन्होंने बताया कि धामन सांप किसानों के लिए बेहद फायदेमंद होता है, क्योंकि यह साल भर में सैकड़ों चूहों को खाकर फसलों को नुकसान से बचाता है।

गर्मी के मौसम में सांपों का बाहर निकलना आम बात
विक्रम ने यह भी बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही ऐसे सांपों (Snake) का बाहर निकलना आम बात है। अक्सर ये सांप ठंडी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों और दफ्तरों में घुस जाते हैं। उन्होंने सलाह दी कि आसपास उगी घास और झाड़ियों की नियमित सफाई करानी चाहिए, ताकि सांपों को छिपने का मौका न मिले।
उन्होंने लोगों को यह भी चेतावनी दी कि हर सांप को जहरीला समझकर मारना गलत है। यदि कहीं सांप दिखे तो तुरंत पेशेवर स्नेक कैचर को बुलाकर उसे सुरक्षित तरीके से हटवाना चाहिए। साथ ही, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को रात में सोने से पहले अपने बिस्तर और गद्दे अच्छी तरह जांच लेने चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।