डेली संवाद, पठानकोट/बटाला। Punjab News: पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला (Batala) से ट्रैफिक पुलिस से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया (Video Viral) पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह एक कारोबारी से हर महीने 5 हजार रुपए देने की मांग करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया।
वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार कथित तौर पर एक व्यक्ति से बातचीत करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि “अब यह महीना पूरा हो गया है, अब हर महीने 5 हजार रुपए हमें दे दिया करो, ज्यादा नहीं मांगेंगे। फिर तुम जो मर्जी करना, दिन में करो या रात में, तुम्हें कोई नहीं पूछेगा।” इस बातचीत से साफ संकेत मिलता है कि वह अवैध रूप से पैसे लेकर राहत देने की बात कर रहे थे।

इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार सस्पेंड
घटना के सामने आने के बाद बटाला पुलिस (Batala Police) ने तुरंत संज्ञान लिया। डीएसपी टीपी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार को सस्पेंड कर पुलिस लाइन बटाला भेज दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। इस जांच की जिम्मेदारी एसपी (डी) को सौंपी गई है, जिन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जबकि पुलिस को इसकी जानकारी देर शाम मिली। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच बटाला पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की। इसके बाद से इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार का फोन बंद बताया जा रहा है और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार को करीब डेढ़ महीने पहले ही बटाला में ट्रैफिक इंचार्ज के पद पर तैनात किया गया था।
मामले में विभागीय जांच जारी
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो कब और किसने बनाया, लेकिन इसके वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह भ्रष्टाचार का गंभीर मामला है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बटाला ट्रैफिक विभाग चर्चा में आ चुका है। एक प्री-वेडिंग शूट के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। फिलहाल, इस ताजा मामले में विभागीय जांच जारी है और सभी की नजरें आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई गई बातें कितनी सच हैं और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।









