डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राजनीति गरमाई गई है। दरअसल, Jalandhar में रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शास्त्री चौक में सुबह करीब साढ़े 10 बजे आयोजित धरने में पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora की गिरफ्तारी और लगातार हो रही ईडी की कार्रवाई रही। धरने में पंजाब सरकार के मंत्री Mohinder Bhagat, कैंट इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा, खादी बोर्ड के वाइस चेयरमैन पवन हंस, देहाती जिला प्रधान दुग्गल और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पार्टी को कमजोर करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही
नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब में आम आदमी पार्टी को कमजोर करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। आप नेताओं ने कहा कि भाजपा पंजाब में राजनीतिक रूप से कमजोर है और इसी वजह से ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के जरिए पार्टी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं का कहना था कि पहले राज्यसभा सदस्यों को डराकर भाजपा में शामिल कराया गया और अब मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
धरने को संबोधित करते हुए जालंधर शहरी के जिला प्रधान अमृतपाल सिंह ने कहा कि भाजपा के इशारे पर ईडी जानबूझकर आम आदमी पार्टी के मजबूत नेताओं को टारगेट कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता भाजपा के दबाव में नहीं आए, उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है।
भाजपा लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ काम कर रही
खादी बोर्ड के वाइस चेयरमैन पवन हंस ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार लगातार जनहित की योजनाएं चला रही है और भाजपा इससे घबराई हुई है। पवन हंस ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और पंजाब के लोग भाजपा की राजनीति को समझ चुके हैं।
वहीं, देहाती जिला प्रधान दुग्गल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब भाजपा डरती है, तब-तब ईडी को आगे कर देती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है और आने वाले चुनावों में पार्टी को एक भी सीट नहीं जीतने दी जाएगी।
मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तारी
इस प्रदर्शन के पीछे सबसे बड़ा कारण मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी रही। ईडी ने शनिवार सुबह चंडीगढ़ स्थित उनके निवास पर छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि संजीव अरोड़ा ₹100 करोड़ के जीएसटी घोटाले और दुबई के जरिए की गई मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं। ईडी के अनुसार, फर्जी बिलों के जरिए सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
इसी मामले की जांच अब पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री Aman Arora तक भी पहुंचती दिखाई दे रही है। हाल ही में ईडी ने अमन अरोड़ा के कई करीबी सहयोगियों और व्यापारिक साझेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी बैंक खातों, विदेशों में भेजे गए फंड और डिजिटल लेनदेन की भी जांच कर रही है।
केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल दस्तावेज और बेनामी संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड मिलने का दावा किया गया है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत नहीं कर पा रही, इसलिए केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है।
धरने के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि पंजाब के लोग डरने वाले नहीं हैं। नेताओं ने दावा किया कि ईडी और सीबीआई की कार्रवाई से आम आदमी पार्टी और मजबूत होकर उभरेगी।









