डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित किए जाने वाले बालाजी संकीर्तन कार्यक्रम को लेकर विवाद जारी है। साईं दास स्कूल मैदान में होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों को पुलिस द्वारा रुकवाने के बाद श्रद्धालुओं, भाजपा नेताओं और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
जानकारी के अनुसार जालंधर (Jalandhar) में 14 मई को साईं दास स्कूल मैदान में विशाल बालाजी चौकी और संकीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के पहुंचने की घोषणा की गई थी, जिसके चलते श्रद्धालुओं में भारी उत्साह था। कार्यक्रम स्थल पर टेंट, लाइटिंग और डेकोरेशन का काम तेजी से चल रहा था। इसी दौरान देर रात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तैयारियां तुरंत बंद करने के निर्देश दिए।
लोगों में भारी नाराजगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अलग-अलग थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों को बताया कि कार्यक्रम को लेकर कुछ प्रशासनिक और अनुमति संबंधी आपत्तियां हैं, जिसके चलते फिलहाल तैयारियां रोकनी होंगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। सूचना मिलते ही भाजपा नेता, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और मंदिर कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
आयोजकों ने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर के साथ लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। उनका कहना था कि कार्यक्रम के लिए फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां ली गई हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अचानक तैयारियां रुकवाना समझ से परे है।
धार्मिक कार्यक्रमों को निशाना
मंदिर कमेटी और भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दबाव में धार्मिक कार्यक्रमों को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि हिंदू धार्मिक आयोजनों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और यह आस्था पर चोट पहुंचाने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मैदान में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई तो श्रद्धालु सड़क पर बैठकर भजन-कीर्तन करेंगे।
विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही भाजपा नेता केडी भंडारी, शीतल अंगुराल और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया भी मौके पर पहुंचे। नेताओं ने प्रशासन से तुरंत मामले का समाधान निकालने की मांग की। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।










