डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में प्रॉपर्टी डीलर ने नहर में कूद के आत्महत्या कर ली है। दरअसल, प्रॉपर्टी कारोबारी ने नीलों पुल से सरहिंद नहर में छलांग लगा दी। घटना से पहले कारोबारी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नामों का जिक्र किया है। जानकारी के अनुसार, वह 15 मई को खाना खाने के बाद दुकान के लिए निकाला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।
कुछ देर बाद उसके नंबर से बड़े भाई के वॉट्सऐप पर दो वीडियो भेजे थे। जिससे परिवार को पता चला। नहर में कूदने के बाद कारोबारी लापता हो गया था। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी। इसके बाद पुलिस (Police) ने गांव गुरथली में आज सरहिंद नहर से उसका शव बरामद कर लिया है।
वीडियो में प्रॉपर्टी डीलर ने क्या कहा?
नहर में कूदने से ऐन पहले प्रॉपर्टी डीलर अमित कुमार ने वीडियो में रिकॉर्ड किया, जिसमें रोते हुए कहा- जय माता दी। मैं अमित कुमार। आज एक दुख सह नहीं पाया मेरे बड़े भाई की आंखों में आंसू। वह भगवान जैसा बंदा है, जो सबकी फिक्र करता है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
आज मैं अंदर से टूट गया। इसके पीछे के कारण हैं दीपक गोयल, जो हमारे फूफा का लड़का है, हमारे साथ काम करता है। हमने कभी कोई भेदभाव नहीं रखा। एक पंचकूला से गोलू, गोलू की फैमिली और उन्होंने प्रेशराइज करके मुझे इस काम के लिए मजबूर किया। 25-27 सालों से मेहनत करते आ रहे हैं।
अगले जन्म में यही परिवार मिलें
अगर हमने थोड़ा सा अपने हक के लिए कुछ कह लिया, तो ये कहते हैं जी तुमने किया ही क्या है अब समाज को पता है सारे समाज को ही पता है, भई कौन किसने क्या किया है। मेरी आप लोगों से, समाज से भी यही विनती है और सरकार से यही विनती है मेरे परिवार को हमारा हक मिलना चाहिए।
समाज से मेरी यही दरख्वास्त है कि आपको भी पता है झूठ और सच किसने क्या किया है। मैं यही चाहूंगा मेरे अगले जन्म में यही परिवार मेरा भाई, मेरे बच्चे, सीमा भाभी, मेरी मां, बाबू जी, मेरी बहन, जीजाजी, मेरी बुआएं, बुआओं के बच्चे राहुल और एक हमारी गली में चाय वाली आंटी है, सब यही मिलें। जय माता दी।
मौसी-बुआ का लड़का बिजनेस हड़पना चाहते थे
मृतक के भाई विवेक अग्रवाल ने बताया कि फूफा की मौत के बाद से ही दूसरी पार्टी जिसमें उनकी मौसी का लड़का गोलू (पंचकूला) और बुआ का लड़का दीपक गोयल शामिल हैं, उनके साझे बिजनेस को हड़पने के लिए लगातार चालें चल रहे थे। पिछले काफी समय से अमित कुमार पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था।
उनकी 25-27 सालों की दिन-रात की मेहनत को सिरे से नकारते हुए उन्हें ताने मारे जाते थे कि तुमने किया ही क्या है, इसी मानसिक प्रताड़ना और अपने बड़े भाई की आंखों में आंसू न देख पाने के कारण अमित अंदर से पूरी तरह टूट गया। उन्होंने कहा कि परसों यानी 15 मई को वह खाना खाने के बाद दुकान पर नहीं पहुंचा और कुछ देर बाद उसके नंबर से वीडियो ही आया। उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। छलांग लगाने से पहले अमित ने दो वीडियो बनाकर वॉट्सऐप पर भेजे थे।
मामले की जांच कर रही पुलिस
समराला पुलिस के अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई विवेक अग्रवाल की शिकायत और वीडियो सबूत के आधार पर नामजद आरोपी दीपक गोयल, गोलू और उसकी फैमिली के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों वीडियो को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।










