
नई दिल्ली। विपक्ष की ओर से संसद में सोमवार को जामिया में हुई फायरिंग के मसले को उठाया गया. सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई तो प्रश्नकाल के दौरान जब केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर खड़े हुए तो विपक्ष ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. विपक्षी सांसदों ने संसद में ‘गोली मारना बंद करो’ के नारे लगाए और अनुराग ठाकुर को घेरा. बता दें कि अनुराग ठाकुर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ नारे लगवाए थे, जिसपर विवाद हुआ।
[ads1]
सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान अनुराग ठाकुर कुछ सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी. विपक्षी बेंच की ओर से नारे लगाए गए, ‘गोली मारना बंद करो, देश को तोड़ना बंद करो’. इसके अलावा लोकसभा में विपक्ष की ओर से नागरिकता संशोधन एक्ट, एनआरसी के खिलाफ नारेबाजी हुई और इस कानून को वापस लेने की मांग की गई।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने लगाए संविधान को बचाओ के नारे
कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘देश के आम लोग संविधान को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। वह संविधान को पकड़कर विरोध कर रहे हैं और राष्ट्रीय गान गा रहे हैं लेकिन उनपर गोलियां चलाई जा रही हैं। बेदर्दी से भारत के लोगों को मारा जा रहा है।’ वहीं लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने ‘संविधान को बचाओ, हमारे भारत को बचाओ। नो टू सीएए’ के नारे लगाए।
[ads2]
हम जामिया के बच्चों के साथ हैं: ओवैसी
लोकसभा में सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम जामिया के बच्चों के साथ हैं। ये हुकुमत बच्चों पर जुल्म कर रही है। ये जानते हैं कि एक बच्चे की आंख चली गई, बेटियों को मार रहे हैं, शर्म नहीं है इनको बच्चों को मार रहे हैं गोलियां मार रहे हैं।
स्पीकर ने लगाई फटकार
संसद की कार्यवाही शुरू होते ही जब नारेबाजी की गई तो लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की ओर से विपक्षी सांसदों को डांटा गया. अपनी बेंच से ही नारेबाजी कर रहे सांसदों से ओम बिड़ला ने कहा, ‘…अगर अपनी बेंच पर जाकर सवाल पूछोगे, तभी लोकतंत्र बचेगा’।








