बाइक बोट कंपनी का काला खेल, पैसा डबल करने का लालच देकर 1.75 लाख लोगों से 3000 करोड़ ठगे

Daily Samvad
5 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 5 मिनट पढ़ने का समय|📝 638 शब्द|📅 23 Feb 2020

लखनऊ, दिल्ली, नोएडा और पंजाब स्थित 12 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी

बाइक बोट कंपनी का काला खेल, पैसा डबल करने का लालच देकर 1.75 लाख लोगों से 3000 करोड़ ठगे

लखनऊ/चंडीगढ़। बाइक टैक्सी चलवाने का झांसा देकर लाखों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली बाइक बोट कंपनी के लखनऊ, दिल्ली, नोएडा और पंजाब स्थित 12 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ईडी के हाथ कई अहम दस्तावेज लगे हैं, जिनसे मनी लॉन्ड्रिंग की अहम कड़ियां जुड़ रही हैं।

बाइक बोट कंपनी के खिलाफ नोएडा में 55 और लखनऊ में कैंट व अलीगंज में एफआईआर दर्ज हैं। बाइक बोट कंपनी ने करीब 1.75 लाख निवेशकों को मोटे मुनाफे का लालच देकर 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करवाए। इसके बाद लोगों को उनका तय मुनाफा और मूल नहीं लौटाया गया।

[ads1]

ईडी के मुताबिक अलग-अलग टीमों ने बाइक बोट लखनऊ में गोमतीनगर के विजय खंड, विवेक खंड, राजाजीपुरम व पारा समेत छह ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें एक न्यूज चैनल का दफ्तर भी है। इसके अलावा नोएडा के चार और दिल्ली के दो ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए।

ईडी की टीमों ने पैंटल टेक्नॉलजी, पाइमेक्स प्लास्टिक्स, पाइमेक्स ब्रॉडकॉस्ट व प्रेरणा सर्विसेज के ठिकानों पर छापे मारे। पहले ये कंपनियां विजिंदर सिंह उर्फ विजिंदर हुड्डा के नाम पर थीं। बाद में इन कंपनियों को बाइक बोट टैक्सी कंपनी के संचालक पूर्व बीएसपी नेता संजय भाटी ने खरीद लिया।

संजय भाटी ने इन्हीं कंपनियों के जरिए निवेशकों द्वारा जमा की गई रकम इधर से उधर की। इसके अलावा ईडी ने बाइक बोट कंपनी से जुड़े मार्स ग्रुप, अकॉर्ड हाइड्रोलिक्स, भसीन इन्फोटेक, नोबेल बिल्डटेक नामक कंपनियों के दफ्तर भी खंगाले।

ईडी ने संजय भाटी से जुड़ी दो और कंपनियों गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स व गर्वित आटोमोटिव के ठिकानों पर भी छापेमारी की। गर्वित आटोमोटिव के कई वाहन एक निजी चैनल संचालक के यहां लगी थीं। ईडी ने चैनल में संजय भाटी की हिस्सेदारी को लेकर चैनल के ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले।

फर्जी कंपनियों के नाम पर खपाई रकम

बाइक बोट टैक्सी कंपनी के नाम पर पोंजी स्कीम के जरिए 1.75 लाख निवेशकों से जुटाए गए 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम को कंपनी के संचालकों ने बोगस लोन, फर्जी कंपनियों और ट्रस्ट में निवेश व दान के नाम पर ठिकाने लगाया। इन रकम को कुछ कमिशन देकर संचालकों ने दूसरे जरियों से अपने पास वापस ले लिया।

ईडी ने कंपनी से जुड़ी इस मनी ट्रेल को ट्रेस कर लिया है। अब इसी के सहारे ईडी हवाला के रैकेट में शामिल अन्य लोगों पर अपना शिकंजा कसेगी। पोंजी स्कीम संचालक संजय भाटी ने निवेशकों की रकम से खुद के और अपने करीबियों के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदीं। निवेशकों की रकम को बोगस लोन, ट्रस्ट में निवेश और दान के नाम पर भी इधर से उधर किया गया।

[ads2]

12 ठिकानों पर छापे मारे

फाइनैंशल ट्रेल के साक्ष्य जुटाने को ईडी ने शनिवार को कंपनी के 12 ठिकानों पर छापे मारे और वहां से कई अहम दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इनसे कंपनियों के अन्य निवेश के बारे में जानकारी मिलेगी।  ईडी के मुताबिक बाइक बोट कंपनी ने वर्ष 2016 से 2019 के बीच निवेशकों से रकम जमा करवाई।  वर्ष 2019 में बाइक बोट कंपनी द्वारा फर्जीवाड़ा किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। फरवरी से कंपनी के खिलाफ केस दर्ज होना शुरू हुए। कंपनी में नोएडा के अलावा, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक के लोगों ने बड़े पैमाने पर रकम निवेश की।

लोगों को यूं लगाई चपत

कंपनी के निदेशक बीएसपी के तत्कालीन नोएडा प्रभारी संजय भाटी और उसके साथियों ने लोगों को झांसा दिया कि वे ओला व ऊबर की तरह बाइक टैक्सी चलवाएंगे। इसमें लोग जो रकम निवेश करेंगे उसके एवज में उन्हें बाइकें उपलब्ध करवाई जाएंगी, जो टैक्सी की तरह चलेंगी। इसके साथ ही जो रकम लगेगी उसको एक साल में दोगुना से ज्यादा करके उन्हें वापस किया जाएगा। ठगी में शामिल 22 लोगों को अब तक चिह्नित किया जा चुका है। इसमें संजय भाटी की गिरफ्तारी भी हुई है।

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *