CM योगी का बड़ा ऐलान, कहा- हम बनाएंगे देश की सबसे खूबसूरत फ़िल्म सिटी, पढ़ें कहां

Daily Samvad
5 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 6 मिनट पढ़ने का समय|📝 678 शब्द|📅 19 Sep 2020

CM योगी का बड़ा ऐलान, कहा- हम बनाएंगे देश की सबसे खूबसूरत फ़िल्म सिटी, पढ़ें कहां

डेली संवाद, लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में देश को एक अच्छी फिल्म सिटी की आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश यह जिम्मेदारी को लेने के लिए तैयार है। हम एक उम्दा फ़िल्म सिटी तैयार करेंगे। फ़िल्म सिटी के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे का क्षेत्र बेहतर होगा। यह फ़िल्म सिटी फ़िल्म निर्माताओं को एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी, साथ ही, रोजगार सृजन की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी प्रयास होगा। इस दिशा में भूमि के विकल्पों के साथ यथाशीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री जी शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ मंडल (मेरठ, हापुड़, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलन्दशहर जनपद) के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में जनप्रतिनिधिगण तथा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी जनप्रतिनिधियों से फीडबैक प्राप्त करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

कैलाश मानसरोवर भवन निर्माण की समीक्षा

कैलाश मानसरोवर भवन निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने गाजियाबाद में जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण हेतु प्रस्तावित केंद्र के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही, बुलंदशहर में राजकीय मेडिकल कॉलेज और तहसील सिकंदराबाद में अटल आवासीय विद्यालय के भवन को तत्परता से पूर्ण करने के लिए भी निर्देशित किया। मेरठ के हस्तिनापुर ब्लॉक में सोती नदी के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री जी ने नदी और तालाब पुनर्जीवन के लिए मनरेगा को माध्यम बनाने की ज़रूरत बताई।

स्मार्ट सिटी योजना के कार्यों में न हो देर, दें प्राथमिकता

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मेरठ व गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की योजना महत्वपूर्ण है। इसे शीघ्रता से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि सेफ सिटी परियोजना के कार्य को तत्परता से पूर्ण किया जाए। मंडलायुक्त ने बताया कि अमृत योजना सहित जलापूर्ति के अन्तर्गत मंडल में कुल 20 परियोजनाएं संचालित हैं, जिसमें से अब तक 09 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष 06 परियोजनाएं माह दिसम्बर, 2020 तक तथा 05 परियोजनाएं माह मार्च 2021 तक पूर्ण कर ली जाएंगी। इस पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर घर में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं है। सभी संबंधित परियोजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए।

नए सत्र के प्रारंभ के समय कुछ भी न रहे बकाया

गन्ना किसानों को हुए भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि नया पेराई सत्र प्रारंभ होने से पूर्व पिछला सारा बकाया भुगतान हो जाए। मंडलायुक्त ने अवगत कराया कि पेराई सत्र 2018-19 का ₹4573.50 करोड़ का गन्ना मूल्य देय था, जिसका शतप्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त बीते 03 सितंबर तक गत पेराई सत्र 2018-19 के सापेक्ष 190.17 लाख कुन्तल अधिक गन्ने की पेराई की गई, जिसके लिए ₹169.40 करोड़ का अधिक गन्ना मूल्य भुगतान किया गया।पेराई सत्र 2019-20 में कुल देय 5190.19 करोड़ के सापेक्ष 17 सितंबर तक 3354.08 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री जी ने शेष राशि के भुगतान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

एक्सप्रेस-वेज से मिलेगी विकास को रफ्तार

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में एक्सप्रेस-वे का जाल बना रही है।इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से प्रदेश के बहुआयामी विकास को तेज रफ्तार देंगे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यह कार्य दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण होने कर लिया जाए। इस संबंध में निरंतर समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए शीर्ष प्राथमिकता दी जाए।

परिवहन व्यवस्था को नई परिभाषा देगा रैपिड रेल का विस्तार

रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस कॉरिडोर) एक रेल आधारित तीव्र गति, उच्च क्षमतायुक्त, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन परियोजना है, जिससे राजधानी दिल्ली से मेरठ के बीच की दूरी 1 घंटे से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि भारत में लागू होने वाली अपने किस्म की यह पहली परियोजना है, जिसका निर्माण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम द्वारा कराया जा रहा है।मेरठ मेट्रो परियोजना को आरआरटीएस परियोजना में सम्मिलित करने के बाद अब और बड़ी आबादी को विश्वस्तरीय सुविधा का लाभ मिल सकेगी।

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *