जालंधर। दिल्ली में कृषि सुधार कानूनों के विरोध के समर्थन में जालंधर में किसानों ने North-West Delhi से भाजपा सांसद हंस राज हंस के घर का घेराव कर दिया है। बड़ी संख्या में अलग-अलग वाहनों में पहुंचे किसान सड़क पर बैठकर धरना दे रहे हैं। भारी संख्या में पुलिस की तैनाती के बाद भी मौके पर जाम लग गया है। भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के सदस्य नकोदर से रोष मार्च निकालते हुए बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हैं। उन्होंने हंसराज हंस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद किसान ट्रैक्टरों के काफिले सहित डीसी दफ्तर की ओर रवाना हो गए। यहां किसान नेताओं ने धरने में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कृषि सुधार कानून वापस लेने की मांग की। किसानों ने पूर्व मंत्री और भाजपा नेता मनोरंजनन कालिया का घर घेरने की भी चेतावनी दी है।
इससे पहले किसानों के धरने को देखते हुए जालंधर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। शहर के सभी चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सांसद के घर धरना प्रदर्शन के बाद इसके बाद किसान रोष मार्च कर बीएमसी चौक से होते हुए डीसी ऑफिस के बाहर रोष प्रदर्शन करेंगे। यहां भारतीय किसान यूनियन राजोवाल सहित अन्य जत्थेबंदियां भी पहुंचेंगी।
जाम के कारण शहरवासी परेशान
किसानों के रोष प्रदर्शन के कारण जगह-जगह सड़कों पर वाहनों के काफिले जमा हो गए हैं। शहर की लगभग सभी सड़ोकों पर जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के प्रदर्शन के कारण प्रशासनिक कांप्लेक्स में काम करवाने के लिए आए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है पुलिस ने जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स की तरफ जाने वाली सभी सड़कों की बैरिकेडिंग करके यातायात रोक दिया है। इसके बावजूद किसान संगठनों के सदस्य पैदल रोष मार्च करके धरनास्थल तक पहुंच रहे हैं।







