
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली के 3 बॉर्डर से ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने गणतंत्र दिवस की परेड खत्म होने के बाद दोपहर 12 बजे से किसानों को ट्रैक्टर रैली शुरू करने का समय दिया था। लेकिन, तीनों बॉर्डर पर जुटे किसान तय समय से काफी पहले ही बैरिकेड तोड़ दिल्ली में घुस गए।
गाजीपुर बॉर्डर बैरिकेड तोड़कर निकले ट्रैक्टरों को कुछ ही दूरी पर पुलिस ने रोक लिया। पुलिस किसानों से अपील कर रही है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें। पुलिस का कहना है कि जब तक पीछे के ट्रैक्टर नहीं आ जाते किसान एक पॉइंट पर रुक जाएं। इसको लेकर किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई।
सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने जो ट्रक खड़े कर रखे थे, किसानों ने उन्हें ट्रैक्टरों से धकेल कर हटा दिया और जो कंटेनर रखे गए थे उन्हें भी ट्रैक्टर से बांधकर हटा दिया। सिंघु और टीकरी बॉर्डर से किसानों के जत्थे पैदल भी मार्च कर रहे हैं। सिंघु बॉर्डर से निकली ट्रैक्टर परेड के आगे घोड़ों पर निहंग फौज चल रही है।
किसानों ने एक लाख ट्रैक्टर जुटने का दावा किया
पुलिस ने किसानों को सिर्फ 5 हजार ट्रैक्टरों के साथ रैली निकालने की मंजूरी दी है। लेकिन, अकेले सिंघु बॉर्डर पर ही 20 हजार से ज्यादा ट्रैक्टर पहुंच गए। किसानों ने दावा किया था कि सिंघु, टीकरी और गाजीपुर पर करीब एक लाख ट्रैक्टर जुटेंगे। इस दौरान ट्रैक्टर रैली में देश भक्ति के नारे गूंजे। युवाओं में जोश देखते बन रहा है।








