स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वच्छता का भाव लाना शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : योगी

Daily Samvad
5 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 6 मिनट पढ़ने का समय|📝 680 शब्द|📅 04 Feb 2021

चौरी-चौरा शताब्दी समारोह के शुभारंभ अवसर पर सीएम योगी बोले। कहा – चौरीचौरा की घटना ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी

yogi adityanath

गिरीश पाण्डेय, गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौरी-चौरा शताब्दी समारोह देश को स्वतंत्र कराने वाले हुतात्माओं व बलिदानियों के प्रति श्रद्धा व सम्मान व्यक्त करने का समारोह है। देश के अंदर स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वच्छता का भाव लाना बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को चौरी-चौरा स्मारक स्थल पर चौरी-चौरा शताब्दी समारोह के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 4 फरवरी1922 को चौरी -चौरा के जनाक्रोश ने स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा दी थी। चौरीचौरा से देश को आजाद कराने का अमूल्य संघर्ष प्रारंभ हुआ था। पुलिस की गोली से तीन सेनानी शहीद हो गए थे। ब्रिटिश हुकूमत ने 228 पर मुकदमा चलाया था। 19 को मृत्युदंड, 14 को आजीवन कारावास और अन्य को 8, 5 वर्ष के कारागार की सजा हुई थी।

प्रधानमंत्री की प्रेरणा व मार्गदर्शन से समारोह हो रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा व मार्गदर्शन से समारोह हो रहा है। 1857 से लेकर 1947 तक स्वाधीनता संग्राम से जुड़े सभी स्मारकों, सीमा पर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के स्मारकों पर आज प्रदेशभर में शहीदों के प्रति श्रद्धा निवेदित करने के कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई है। सभी स्मारकों पर पुलिस बैंड से राष्ट्र भक्ति के गीतों की प्रस्तुति, काव्य गोष्ठी व दीपोत्सव के कार्यक्रम होंगे। विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन करने और 1857 से लेकर 1947 तक के स्वाधीनता इतिहास साहित्य से जुड़ी प्रदर्शनी के साथ ही विशिष्ट शोध को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी और स्वावलंबन के साथ ही हमे स्वच्छता पर भी ध्यान देना है। सबने देखा है कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के चलते हम इंसेफेलाइटिस को नियंत्रित करने में सफल हुए हैं। यह सफलता की नई मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व उनकी प्रेरणा से तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह कहते हुए शहीदों को नमन किया, “तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहे ना रहें।” उन्होंने लोंगो से “स्वरक्तम स्वराष्ट्रे रक्षतं” का भाव जगाने की अपील की। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल राजभवन लखनऊ से ऑनलाइन जुड़ीं।

मुख्यमंत्री योगी के हाथों सम्मानित हुए शहीदों के परिजन

चौरीचौरा जनाक्रोश के शताब्दी समारोह के अंतर्गत 4 फरवरी 2022 तक पूरे प्रदेश में कार्यक्रम होंगे। गुरुवार को शुभारंभ अवसर पर मुख्य समारोह स्थल पर चौरीचौरा जनाक्रोश के शहीदों के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। सीएम ने इन सभी को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजन को मोटर चालित ट्राई साइकिल भी वितरित किया।

समारोह स्थल पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों के प्रति श्रद्धा निवेदित की। मुख्यमंत्री ने पूरे स्मारक परिसर का भ्रमण कर वहां हुए कार्यों का जायजा भी लिया। सीएम स्मारक के संग्रहालय में भी गए और वहां शहीदों की सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। मुख्य समारोह मंच पर आने से पूर्व मुख्यमंत्री स्मारक स्थल पर वंदेमातरम के गायन में भी शामिल हुए।

महामना वृतचित्र का प्रदर्शन, सीएम ने भी देखा

चौरी-चौरा शताब्दी समारोह में मुख्य मंच पर चौरी-चौरा जनाक्रोश मामले में क्रांतिकारियों की प्रभावी पैरवी करने वाले पंडित मदन मोहन मालवीय के जीवन पर आधारित वृतचित्र “महामना” का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन अवधि तक मुख्य मंच से उतरकर मुख्यमंत्री पूरी तन्मयता से वृतचित्र देखते रहे।

स्वागत संबोधन जिले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान व चौरीचौरा की विधायक संगीता यादव ने किया। उत्तर प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ नीलकंठ तिवारी ने मुख्यमंत्री को चौरीचौरा शताब्दी समारोह के “लोगो” का स्मृति चिन्ह प्रदान कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनन्दन किया। डॉ तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन भी किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ते ही मंच पर बच्चों ने चौरीचौरा थीम सांग “चौरीचौरा के वीरों ने रचा नया इतिहास” पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *