
डेली संवाद, जालंधर/ऊना
हिमाचल (Himachal) के जिला ऊना (Una) मुख्यालय के नजदीकी गांव बडसाला में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित होने के बावजूद आइसोलेट (Isolate) होने की बजाय पंजाब के जालंधर में आकर अपनी बेटी की बड़े ही धूमधाम से शादी की। मामला सामने आते ही ऊना की ग्राम पंचायत और जिला प्रशासन के भी हाथ पैर फूल गए हैं।
पुलिस ने बीडीओ ऊना रमनवीर की शिकायत के बाद तुंरत एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बता दें कि बडसाला की एक युवती की शादी 4 मई को पंजाब (Punjab) में होनी थी। शादी के एक दिन पहले घर के मुखिया ने कोविड (Covid) सैंपल करवाया था, जिसकी रिपोर्ट सोमवार शाम को आई।
रिपोर्ट आने के बाद मंगलवार सुबह बेटी की शादी के लिए कोरोना संक्रमित पिता परिवार सदस्यों संग पंजाब रवाना हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत प्रधान मौके पर पहुंची, तो पाया कि सभी परिवारिक सदस्य शादी समारोह में चले गए। लौटने के बाद जब पंचायत प्रधान (Panchayat Pradhan) ने संक्रमित और उसके परिवार के लोगों को आइसोलेट होने की हिदायत दी, तो वह उल्टा पंचायत प्रधान से ही उलझ पड़े।
उनका कहना था कि जब हमने कोई सैंपल ही नहीं करवाया तो हमारा टेस्ट पॉजिटिव कैसे आ सकता है। संक्रमित और उसके परिवार द्वारा किए गए व्यवहार के बाद पंचायत प्रधान ने प्रशासन को फौरन मामले की सूचना दी, जिसके बाद बीडीओ ऊना की शिकायत पर पुलिस पर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस (Police) मामले की जांच कर रही है।









