डेली संवाद, नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने अकाली दल को बड़ा झटका दिया है। सोमवार को अकाली दल के कई नेताओं ने भाजपा ज्वाइन कर लिया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अगुवाई में दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पंजाब की राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय रूप से जुड़े नेताओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
शिरोमणि अकाली दल महिला विंग की पूर्व महासचिव व डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन अमनजोत कौर रामूवालिया, पूर्व राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह शाहपुर, पूर्व उपाध्यक्ष चांद सिंह छठा, दूरदर्शन के पूर्व मीडिया प्रेजेंटर, मोटिवेशनल स्पीकर, समाजसेवी चेतन मोहन जोशी और शिरोमणि अकाली दल गुरदासपुर के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व जिला परिषद के पूर्व सदस्य बलजिंदर सिंह डकोहा, अनुसूचित जाति विंग के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में ज्वाइन कर लिया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इन नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि निश्चित ही आप सभी अपने अनुभव और कौशल से पार्टी की व्यापकता में वृद्धि करेंगे। उन्होंने कहा कि आप लोगों के अनुभव से भाजपा को पंजाब में नई ऊर्जा मिलेगी।








