डेली संवाद, चंडीगढ़/नई दिल्ली
कांग्रेस आलाकमान ने पंजाब कांग्रेस के मामलों के प्रभारी हरीश रावत की छुट्टी कर दी है। उनकी जगह हरीश चौधरी को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरीश चौधरी राजस्थान के राजस्व मंत्री और पंजाब के सह-प्रभारी का कार्यभार देख रहे थे। चौधरी के सूबे के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से भी अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं।
कैप्टन को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के दौरान सियासी उठापटक के बीच पार्टी के हालात पर नजर रखने के लिए आलाकमान ने हरीश चौधरी को पर्यवेक्षक के रूप में चंडीगढ़ भेजा था। चौधरी ने भी आलाकमान के इस विश्वास को बखूबी निभाया। इधर, उत्तराखंड में चुनाव की जिम्मेदारी पंजाब प्रभारी हरीश रावत को मिलने के बाद उन्होंने पंजाब की जिम्मेदारी से मुक्त करने की मांग की थी। इसके बाद कांग्रेस आलाकमान पंजाब प्रभारी के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहा था।
सिद्धू के इस्तीफे को भी किया मैनेज
डीजीपी के पद पर इकबाल प्रीत सिंह सहोता और एजी के पद पर एपीएस देओल की नियुक्ति से नाराज होकर कांग्रेस प्रधान पद से सिद्धू के इस्तीफे को भी मैनेज करने में चौधरी ने अहम भूमिका निभाई। चौधरी की नियुक्ति से चुनाव में राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर भी मिलने वाले फायदे को आलाकमान देख रहा है।
मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस के प्रति हमलावर हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह की हर गतिविधि की जानकारी चौधरी रख रहे हैं। आलाकमान ने हरीश चौधरी को इस कार्य के लिए विशेष तौर पर जिम्मेदारी दी है। इधर, चौधरी भी कैप्टन को लेकर सभी सियासी संभावनाओं की जानकारी आलाकमान तक पहुंचा रहे हैं।
कांग्रेसी MLA की गुंडागर्दी, भरी सभा में युवक को जमकर पीटा, देखें
https://youtu.be/vh0zBRNFtuk










