मुख्यमंत्री चन्नी ने गिनाए सरकार के 50 फैसले, कहा- मैं ऐलानजीत नहीं, विश्वासजीत हूं, नवजोत सिद्धू को लेकर कही बड़ी बात, पढ़ें

Daily Samvad
8 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 8 मिनट पढ़ने का समय|📝 986 शब्द|📅 02 Dec 2021

मुख्यमंत्री चन्नी ने गिनाए सरकार के 50 फैसले, कहा- मैं ऐलानजीत नहीं, विश्वासजीत हूं, नवजोत सिद्धू को लेकर कही बड़ी बात, पढ़ें

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में अपनी 70 दिन की सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने 50 फैसले बताए और कहा कि इन्हें लागू किया जा चुका है। उन्होंने नवजोत सिद्धू से विवाद को लेकर कहा कि वह मेरे बड़े भाई है। हमारी पार्टी के प्रधान हैं। हम दोनों ही पार्टी के अधीन काम करते हैं। जो पार्टी कहेगी, वो करेंगे। उन्होंने काम न होने पर कहा कि आज मैंने सब दिखा दिया है। इससे नवजोत सिद्धू को भी स्पष्ट हो जाएगा कि सरकार क्या कर रही है।

बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी देने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मैंने इन नियुक्तियों की फाइल मंगवा ली है। एक-दो दिन में इसका निपटारा कर देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में पंजाबियों को ही नौकरी मिले, ऐसा कानून बना रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी बाहर से मंगवाकर तो लोग अपनी सिक्योरिटी में लगाएं हैं, उनकी भी छुट्‌टी कर देंगे।

मैं खुद को मुख्यमंत्री चेहरा नहीं मानता

चन्नी ने अगले चुनाव में सीएम चेहरा होने के सवाल पर कहा कि मैं तो पहले भी नहीं था लेकिन पार्टी ने बना दिया। आगे भी जो पार्टी फैसला करेगी, मुझे वह मंजूर होगा। मैं उस जिम्मेदारी को निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि मैं हर जगह कामयाब रहा हूं। लेकिन मैं किसी पद का दावेदार नहीं हूं।

कर्ज माफी पर सीएम ने कहा कि 2 लाख तक कर्जा पंजाब सरकार ने माफ किया। टैक्स पंजाब के साथ केंद्र को भी जाता है। इस वजह से मैंने चिट्‌ठी लिखी थी। जैसे स्कॉलरशिप दी जाती थी, वैसे ही इसके लिए केंद्र मॉडल लेकर आए।

काले अंग्रेज राज नहीं करेंगे

चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि दिल्ली से आकर काले अंग्रेज राज नहीं करेंगे। पंजाब के लोग ही राज करेंगे। सफेद अंग्रेज मुश्किल से निकाले थे। एक हजार रुपए क्यों दे रहा है?। कहना ही है तो फिर प्रतिमाह 5 हजार रुपए दे। अगर पंजाब में देना है तो केजरीवाल दिल्ली में भी कम से कम 500 रुपए दे। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पागल नहीं है कि उनका झूठ मानेंगे। दिल्ली के लोगों को सस्ती बिजली दो।

उन्होंने कहा कि 36 हजार कर्मचारियों को पक्का करने का कानून बना दिया है। राज्यपाल से मंजूरी मिलते ही इसे लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि अब दर्जा चार कर्मचारियों की नियुक्ति रेगुलर होगी। उन्हें कांट्रैक्ट पर नहीं रखा जाएगा। मैंने पहले भी मुद्दा उठाया था लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नहीं सुनी और कानून बना दिया।

किसानों के धरना देने का इंतजार नहीं किया

उन्होंने कहा कि पहले पति की मौत के बाद पत्नी को नौकरी मिल जाती थी। अब अगर पत्नी की मौत होती है तो उसकी जगह पति को नौकरी मिलेगी। इसके लिए हम जल्द ही कानून लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि असरदार लोग रिटायर होने के बाद भी दफ्तर में ही लगे रहते। इसलिए चिट्‌ठी निकाली कि 58 साल के बाद नौकरी नहीं मिलेगी। उनकी जगह नए युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला करते हुए कहा कि मैंने किसानों को धरना देने का इंतजार नहीं किया। किसान यूनियन मुझसे मिलने आई और मैंने फैसला किया कि 50 रुपए में से 35 रुपए सरकार देगी। जल्द ही गन्ना मिल चालू हो जाएंगी। हाल ही में किसान एकता मोर्चा ने सीएम चन्नी को इसको लेकर चेतावनी भी दी थी।

पंजाब में रेत 5.50 रुपए फुट ही बिकेगी

उन्होंने कहा कि दरिया पर 22 रुपए क्यूबिक फुट रेत बिकता था। पहले मैंने 9 रुपए किया। अब साढ़े 5 रुपए का कानून बना दिया है। किसी भी दरिया पर अगर 6 रुपए भी बिकता हो तो मैं वहां जाऊंगा। कुछ ट्रांसपोर्टर खराब कर रहे थे। अब हम ट्रांसपोर्ट का भी रेट फिक्स करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और दूसरे लोग मिलकर महंगा रेत बेच रहे थे।

पंजाब में दसवीं तक पंजाबी न पढ़ाने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द करेंगे। इसके लिए कानून बना दिया है। सभी जनरल वर्ग के कॉलेज स्टूडेंट को वजीफा मिलेगा। सरकारी स्कूलों के बच्चों को वर्दियां दे रहे हैं। पहले सिर्फ SC बच्चों को मिलती थी। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हर बच्चे को पंजाब सरकार से हर तरह की सुविधा और वर्दी मिलेगी।

एक लाख नीले कार्ड बनवा रहा हूं

एक लाख नीले कार्ड बनवा रहा हूं, इसके लिए लोगों की पहचान की जा रही है। 3.70 लाख कंस्ट्रक्शन वर्करों को 3100 रुपए का शगन भेजा। 98.74 करोड़ रुपए उनके खाते में भेजा गया। खजाने मेरे बापू का नहीं। विरोधियों को तकलीफ कि मैं लोगों को क्यों बांट रहा?।

श्री करतारपुर साहिब में पंजाब की बसों का किराया नहीं लगेगा। इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जनवरी में आएंगे सस्ते बिजली बिल; विरोधी अक्टूबर के बिलों का मुद्दा बना रहे उन्होंने कहा कि 7 किलोवाट तक 3 रुपए बिजली सस्ती की गई। जिसके दायरे में पंजाब के 72 लाख में से 68 लाख कंज्यूमर आते हैं। एक नवंबर से बिजली सस्ती हुई, जिसके बिल जनवरी में आएंगे। विरोधी अक्टूबर महीने के बिल दिखाकर आरोप लगा रहे हैं।

केजरीवाल को चैलेंज

सीएम चरणजीत चन्नी ने कहा कि विरोधी उन्हें ऐलानजीत कह रहे हैं लेकिन वह विश्वासजीत हैं। यह चन्नी नहीं बल्कि चंगी सरकार है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने मुझे एक हजार बिल दिखाने को कहा था। पंजाब में 20 लाख लोगों के बिल जीरो आए हैं। चाहता तो मैं भी लेकर आ जाता। मैं कुछ लेकर आया हूं। अगर किसी को आकर देखना है तो देख सकता है। सीएम ने कहा कि जिन्हें पंजाब का पता ही नहीं, वो मुझे नकली बोलते हैं। मैं जो बोलता हूं, वह कानून बन जाता है।

सीएम चन्नी के ताबड़तोड़ ऐलान से वह विरोधियों के निशाने पर आ गए थे। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान सांसद भगवंत मान ने सीएम चन्नी को मुख्यमंत्री नहीं बल्कि ‘ऐलान मंत्री’ कह दिया था। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा कि सस्ती बिजली, रेत समेत सभी सिर्फ घोषणाएं हैं। इसका कोई नोटिफिकेशन नहीं किया गया।

मैं ऐलानजीत नहीं, विश्वासजीत हूं, देखें CM चन्नी का नया अंदाज

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *