डेली संवाद, चंडीगढ़
पंजाब में फैली अराजकता, हत्याओं, लूट-पाट और पुलिस द्वारा की राजनीति से प्रेरित झूठे मामले दर्ज किए जाने तथा डीजीपी पंजाब द्वारा अपना फर्ज निभाने में की जा रही कोताही तथा मुख्यमंत्री पंजाब की कठपुतली बन कर कार्य करने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर इन सारे घटनाक्रमों से अवगत करवाया है।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे गए पत्र में अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद पंजाब पुलिस का पूरी तरह से राजनीतिकरण हो गया है। पिछले एक महीने में पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि अपराधियों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है।
राजनीतिक बदलाखोरी में लग गई
अपराधियों द्वारा सरेआम दिन-दिहाड़े 30 से ज्यादा कत्ल किए जा चुके हैं, जिनमें से अंतराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी भी शामिल हैं। यहाँ तक कि राजनीतिक नेताओं के पर भी सरेआम अपरधियों द्वारा जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। पुलिस पंजाब के हालात सुधरने की बजाए राजनीतिक बदलाखोरी में लग गई है।
भाजपा के नेताओं तेजिंदर बग्गा, प्रीति गाँधी, नवीन जिंदल तथा कांग्रेसी नेत्री अलका लांबा व कवी कुमार विश्वास के विरुद्ध पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले दर्शाते हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी राजनीतिक रंजिश निकालने के लिए पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर रहे हैं।
लोकतंत्र की मर्यादा के विरुद्ध
अश्वनी शर्मा ने कहा कि उपरोक्त सभी विषयों पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के शिष्टमंडल द्वारा डीजीपी पंजाब को इन मामलों से अवगत करवाने तथा अपना विरोध दर्ज करवाने के लिए काफी दिनों से समय माँगा गया था। आखिरकार समय दिए जाने के बावजूद शिष्टमंडल को पहले 2 घंटे अपने कार्यालय में बिठा कर इंतजार करवाया गया और फिर व्यस्त होने का बहाना बना कर मिलने से मना कर दिया गया, जबकि इस समय के दौरान वो अन्य लोगों से मुलाकात करते रहे।
उनका यह व्यवहार पूर्णतया अनुचित तथा लोकतंत्र की मर्यादा के विरुद्ध है। इससे साफ़ जाहिर होता है कि डीजीपी दिल्ली तथा पंजाब की आम आदमी पार्टी के सरकारों की कठपुतली बन गए हैं। अश्वनी शर्मा ने राष्ट्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामल में दखल देकर कार्यवाही करें ताकि पुलिस अपना फर्ज निभाते हुए पंजाब के अराजकता के माहौल तथा अपराधियों पर नकेल डाल सके।









