डेली संवाद, फरीदकोट। Punjab News: फरीदकोट जिले के ढिलवां खुर्द गांव में नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय हरभगवान सिंह के रूप में हुई है, जो बिजली का काम करता था और ग्राम पंचायत द्वारा गठित नशा विरोधी समिति का सदस्य था।
ये भी पढ़ें : महिला को पीटने-कपड़ा फाड़ने वाले प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ FIR दर्ज
जानकारी के अनुसार नशा निवारण समिति द्वारा अपने गांव में नशा रोकने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा था। शुक्रवार को भी हरभगवान सिंह व कमेटी के अन्य सदस्यों ने दो नशेड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जिन्होंने सबके सामने कबूल किया कि उन्होंने यह नशा अपने गांव के अमनदीप सिंह से खरीदा था। झगड़े के दौरान अमनदीप सिंह भी मौके पर आ गया और उसने हरभगवान सिंह पर गोलियां चला दीं।
ये भी पढ़ें: जुआ खेलते जालंधर के मशहूर पैलेस का मालिक गिरफ्तार
गोली चलाने के बाद आरोपी अपने घर चला गया और उसने घर पर जाकर हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से भाग निकला। घायल हरभगवान सिंह को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना सादिक की पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।