डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Flood: पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खड्डियां (Gurmeet Singh Khudian) ने बताया कि किसानों के लिए निर्बाध एवं परेशानी रहित फसल बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार (Punjab Govt) द्वारा बाढ़ प्रभावित सभी अनाज मंडियों को चालू करने हेतु विशेष पाँच-दिवसीय अभियान आरंभ किया गया है।

19 सितंबर तक सभी बाढ़ प्रभावित मंडियों को कार्यशील बनाने के निर्देश
इस अभियान का उद्देश्य खड़े पानी और गाद को साफ़ कर सभी मंडियों को सॉनी खरीद सीजन के लिए पूरी तरह से कार्यशील बनाना है। इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए गुरमीत सिंह खड्डियां ने कहा कि रविवार से आरंभ होने वाला यह अभियान विशेष रूप से उन जिलों पर केंद्रित है, जहाँ मंडियाँ खड़े पानी और जमा गाद से प्रभावित हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका जाने की तैयारी करने वाले भारतीयों को बड़ा झटका, VISA को लेकर नया आदेश जारी
उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारियों और सभी जिला मंडी अधिकारियों (DMOs) को निर्देशित किया कि वे व्यक्तिगत रूप से इन प्रयासों की निगरानी करें तथा सुनिश्चित करें कि सभी प्रभावित मंडियाँ 19 सितंबर, 2025 तक पूरी तरह से बहाल और कार्यशील हो जाएं।

सरकार इस सीजन के लिए पूरी तरह तैयार
खड्डियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mannn) की अगुवाई वाली पंजाब सरकार हमारे किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार इस सीजन के लिए पूरी तरह तैयार है।
हम हाल ही में आए बाढ़ कारण उत्पन्न हुई चुनौतियों से पूरी तरह परिचित हैं। इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े। हमारे किसानों की आजीविका की सुरक्षा और बेहतर खरीद प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने हेतु सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।”
सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे
कृषि मंत्री ने बताया कि 16 सितंबर, 2025 से शुरू होने वाले सॉनी खरीद सीजन के लिए प्रदेश की अनाज मंडियों में पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय पर खरीद और तुरंत भुगतान सहित बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।







