डेली संवाद, जालंधर/चंडीगढ़/अंबाला। ED Raid in Richi Travel and more Agent in Punjab Haryana News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जालंधर में रीची ट्रैवल समेत पंजाब और हरियाणा में 13 जगहों पर छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक रीची ट्रैवल का नेटवर्क पंजाब से लेकर कई देशों में फैला है। खाड़ी देशों के जरिए पंजाब और हरियाणा से मानव तस्करी का धंधा किया जा रहा है। डंकी रूट के इस खेल में रीची ट्रैवल का मालिक सबसे बड़ा खिलाड़ी बताया जा रहा है।
अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने वाले डंकी रूट नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तरफ से वीरवार को गई कार्रवाई में करीब 19.13 करोड़ की नकदी, सोना और चांदी बरामद किया है। यह कार्रवाई ईडी जालंधर जोन की ओर से 18 दिसंबर 2025 को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक साथ कुल 13 ठिकानों पर की गई।

दिल्ली में बरामद हुआ सामान
ईडी (ED) की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिल्ली स्थित एक ट्रैवल एजेंट के ठिकाने से 4.62 करोड़ नकद, 313 किलो चांदी और 6 किलो सोने की ईंटें बरामद कर जब्त की गई हैं। बरामद की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 19.13 करोड़ बताई जा रही है। इसके अलावा डंकी रूट कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ हुई चैट, लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक साक्ष्य भी मिले हैं।
वहीं, ईडी की टीम ने जालंधर बस स्टैंड के पास स्थित रीची ट्रैवल्स के कार्यालय और जसवंत नगर में ट्रैवल एजेंसी के मालिक के घर पर छापा मारा था। यहां से मोबाइल फोन, दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई डंकी रूट के माध्यम से लोगों को विदेश भेजने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ ईडी की जांच का हिस्सा है। मामला उन भारतीयों से जुड़ा है जिन्हें हाल ही में अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था।

5 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त
इसी मामले में, ईडी ने चार दिन पहले ट्रैवल एजेंट्स की 5 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त की थी। यह कार्रवाई डंकी रूट से जुड़े मामलों में लगातार जारी है। जालंधर ईडी की टीम ने डंकी रूट मामले में कुछ दिन पहले 2 ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान ईडी टीम ने डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से विदेश भेजने से जुड़े लोगों की 5.41 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की थी। इस संबंध में जालंधर ईडी टीम ने जालंधर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 13 व्यावसायिक और रिहाइशी ठिकानों पर छापेमारी की है।
यह भी पढ़ें: डंकी रूट का मास्टर माइंड जालंधर में, ED की कार्रवाई के बाद हड़कंप, 12 ट्रेवल एजैंट रडार पर
ईडी के सूत्रों के अनुसार, रिची ट्रैवल्स के साथ, तरुण खोसला (दिल्ली) और बलवान शर्मा (पानीपत) में भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि ईडी टीम ने यह जांच उन FIR के आधार पर शुरू की थी, जो फरवरी 2025 में अमेरिका से 330 भारतीयों के डिपोर्ट होने के बाद दर्ज की गई थीं। इन भारतीयों को अमेरिकी सेना के कार्गो विमान के जरिए वापस भेजा गया था।

अवैध रूप से अमेरिका भेजा गया
जांच में सामने आया कि इन लोगों को डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से अमेरिका भेजा गया था। इसके पीछे ट्रैवल एजेंटों, बिचौलियों, डोंकरों, विदेशों में मौजूद साथियों, हवाला ऑपरेटरों का नेटवर्क काम कर रहा था। ईडी टीम द्वारा पहले की गई 2 रेड और जांच के दौरान मिले सबूतों से इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वहीं हरियाणा में एक प्रमुख डंकी रूट ऑपरेटर के ठिकाने से भी अहम रिकॉर्ड और दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अमेरिका भेजने के बदले उम्मीदवारों से भारी रकम वसूलता था और भुगतान की गारंटी के तौर पर उनके संपत्ति दस्तावेज अपने पास रखता था।

मैक्सिको बॉर्डर से भेजा जाता था अमेरिका
जांच में सामने आया कि एजेंट्स लोगों को मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजा करते थे।ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह एक संगठित और बहुस्तरीय नेटवर्क है, जिसमें ट्रैवल एजेंट, बिचौलिए, ‘डंकर’ (अवैध रूप से सीमाएं पार कराने वाले), विदेशी संपर्क, हवाला ऑपरेटर और ठहरने-खाने की व्यवस्था करने वाले लोग शामिल थे। पंजाब के कई ट्रैवल एजेंट और बिचौलिए इसमें सक्रिय रूप से जुड़े हुए पाए गए हैं।
सूत्र बता रहे हैं कि रिची ट्रैवल के साथ जालंधर के कई ट्रैवल एजैंट जुड़े हुए हैं। जो 70 से 80 लाख रुपए लेकर डंकी रूट के जरिए लोगों को अमेरिका भेजते हैं। इसमें पुलिस के कई अफसर भी संलिप्त बताए जा रहे हैं। जालंधर बस स्टैंड समेत होशियारपुर रोड पर इनका एक बड़ा फार्म हाउस है, जहां डंकी रूट के काले धन को सफेद करने का बिजनेस किया जाता है।











