ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 17 August 2026

Bihar News: शिवमंदिर में लगी भीड़ में अचानक मची भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, कई घायल, राहत और बचाव कार्य जारी

Bihar News: शिवमंदिर में लगी भीड़ में अचानक मची भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, कई घायल, राहत और बचाव कार्य जारी

डेली संवाद, लखीसराय। Bihar Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर अचानक भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रात के समय मंदिर जाने वाले रास्ते पर बिजली का एक पोल गिर गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे। बताया जा रहा है कि पोल में करंट फैलने के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे।

बैरिकेडिंग टूट गई

अफरा-तफरी के बीच रास्ते की बैरिकेडिंग टूट गई, जिसके बाद कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

SDPO शिवम कुमार ने ANI को बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत की खबर है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बिजली का खंभा गिरने के बाद कुछ लोग करंट की चपेट में आए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूरी जांच के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।

राहत एवं बचाव कार्य

वहीं, लखीसराय के डीएम ने बताया कि वह खुद शाम करीब साढ़े तीन बजे से मौके पर मौजूद थे। उनके मुताबिक करीब साढ़े छह बजे अचानक भीड़ बढ़ गई। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि खेत की तरफ की बैरिकेडिंग टूटने से लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

अशोकधाम मंदिर की महत्ता

अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से विख्यात है। यहां पालकलीन विशाल शिवलिंग है, जो जमीन की खोदाई से प्राप्त हुआ है। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर काफी भीड़ उमड़ पड़ी।