ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 15 August 2026

Chandigarh News: मंडी में पार्किंग विवाद ने लिया खूनी रूप, आढ़ती की चाकू मारकर हत्या

Chandigarh News:  मंडी में पार्किंग विवाद ने लिया खूनी रूप, आढ़ती की चाकू मारकर हत्या

डेली संवाद, चंडीगढ़। Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक आढ़ती और उसके बेटों ने हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी 43 वर्षीय आढ़ती देशराज पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देशराज को GMCH-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे देशराज मंडी में सब्जी बेच रहे थे। इसी दौरान दूसरे आढ़ती विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा और गाड़ी हटाने को लेकर उनसे बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

चाकू से हमला

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान विनोद और उसके बेटों ने देशराज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मंडी में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मोबाइल फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बों सहित अन्य अहम सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

आरोपी और उसके बेटों की तलाश जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी विनोद और उसके बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।