Saturday, 29 August 2026
देश
GST News: घूस लेते GST के दो अधिकारियों समेत तीन लोग गिरफ्तार, 1.50 करोड़ की डिमांड थी, 40 लाख कैश के साथ पकड़े गए
डेली संवाद, रायगढ़। GST News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय GST के एडिशनल कमिश्नर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक IRS अधिकारी, एक GST सुपरिटेंडेंट और उनका एक कथित सहयोगी शामिल है।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान केंद्रीय GST के एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंथेती, GST सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और नरिंदर राजपूत के रूप में हुई है। तीनों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
26 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
सीबीआई ने 26 अगस्त को आरोपित CGST सुपरिटेंडेंट के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया था। आरोप था कि उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्थर की खदान से जुड़ी फर्म के GST और रॉयल्टी मामले को निपटाने के लिए 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, बातचीत के बाद रिश्वत की मांग घटाकर 40 लाख रुपये कर दी गई। आरोप है कि दोनों सरकारी अधिकारियों ने रिश्वत की रकम लेने की जिम्मेदारी नरिंदर राजपूत को सौंपी थी।
40 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
सीबीआई ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और नरिंदर राजपूत को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई के बयान के अनुसार, बाद में दोनों अधिकारियों ने भी रिश्वत की रकम स्वीकार किए जाने की बात स्वीकार कर ली। मामले में आगे की जांच जारी है।