Tuesday, 22 September 2026
हिमाचल प्रदेश
Himachal Pradesh: हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; 4 युवकों की मौत, एक घायल
डेली संवाद, कुल्लू/आनी। Himachal Pradesh Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा एनएच-305 पर हरिपुर के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
शादी समारोह से लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार कार नंबर HP-35-9123 में सवार युवक एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। सोमवार देर रात करीब 3 बजे निगान-निमला के बीच हरिपुर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासन को जानकारी दी। खाई काफी गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में 4 युवकों की मौत
दुर्घटना में राहुल राणा (25), बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन, सभी निवासी गांव जाबो, डाकघर कराणा, तहसील आनी, की मौके पर मौत हो गई।
वहीं सुरेश कुमार (28) हादसे में घायल हुआ है। उसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल आनी पहुंचाया गया।
सुबह तक चला राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कई घंटे तक चले अभियान के बाद खाई से शवों और घायल को बाहर निकाला गया। बचाव अभियान मंगलवार सुबह करीब 8 बजे तक जारी रहा।
एक ही गांव के चार युवकों की मौत से पसरा मातम
एक ही गांव के चार युवकों की एक साथ मौत की खबर सामने आने के बाद जाबो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।