Saturday, 01 August 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ के प्रभारी और मेयर वनीत धीर कल निकालेंगे शुक्राना यात्रा, बोले- डबल इंजन की ताकत से होगा विकास
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा जालंधर नॉर्थ का नया हलका प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद मेयर वनीत धीर रविवार को शुक्राना यात्रा के साथ अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी, समर्पण और मेहनत के साथ निभाएंगे।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार और नगर निगम के बेहतर तालमेल से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि "डबल इंजन की ताकत से जालंधर नॉर्थ में विकास कार्य तेज होंगे और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

शुक्राना यात्रा का रूट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मेयर वनीत धीर रविवार शाम 5 बजे श्री देवी तालाब मंदिर, 6 बजे गुरुद्वारा श्री सिंह सभा प्रीत नगर, 6:30 बजे सिद्ध बाबा सोढ़ल मंदिर तथा इसके बाद गुरुद्वारा सोढ़ल छावनी में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस शुक्राना यात्रा के जरिए वह क्षेत्र के लोगों और धार्मिक संस्थाओं का आशीर्वाद भी लेंगे।
मेयर वनीत धीर की नियुक्ति से जालंधर नॉर्थ की राजनीति में नए समीकरण बने हैं। वहीं, उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि वह हर वर्ग की आवाज बनकर काम करेंगे और जालंधर नॉर्थ को विकास एवं बेहतर बुनियादी सुविधाओं के मामले में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करेंगे।