Wednesday, 19 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में दो सगे भाइयों सहित नौ गिरफ्तार; 8 पिस्तौल, हेरोइन और 12.95 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद
डेली संवाद, चंडीगढ़/अमृतसर। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए छेड़े गए अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नौ आरोपियों को आठ अवैध पिस्तौल, 8.536 किलो हेरोइन और 12.95 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार करके नशा और अवैध हथियारों की सप्लाई के तीन प्रमुख नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दरशन सिंह उर्फ चन्ना (25) निवासी गांव रानियां जो वर्तमान में जंड पीर कॉलोनी, अमृतसर में रह रहा था; सतनाम सिंह (46) निवासी गांव मांझ, अमृतसर; महावीर सिंह (34) निवासी गांव राजोके, तरन तारन; लवप्रीत सिंह उर्फ फूला उर्फ लव (24) निवासी करतार नगर, अमृतसर; हरमन सिंह उर्फ हम्मा (23) और नरिंदर सिंह उर्फ रोबा (26) दोनों निवासी काले घणूपुर, अमृतसर; करन सिंह उर्फ करन (22) निवासी गांव भिखीविंड, तरन तारन; गुरजंट सिंह उर्फ घुड्डा (24) और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (21) दोनों निवासी भल्ला कॉलोनी, अमृतसर के रूप में हुई है।
अन्य आपराधिक तत्वों को सप्लाई करते थे
बरामद की गई पिस्तौलों में तीन .30 बोर, चार 9 एमएम ग्लॉक, एक .32 बोर और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हथियारों और नशे के मामलों में शामिल ये आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जिनसे ये अवैध हथियारों और हेरोइन की खेपें प्राप्त करके आगे अन्य आपराधिक तत्वों को सप्लाई करते थे।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अन्य व्यक्तियों की पहचान और नशा तस्करी तथा अवैध हथियारों की सप्लाई के व्यापक नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट करने के लिए आगे-पीछे के संबंधों की जांच जारी है। पहले ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर आरोपी दरशन उर्फ चन्ना और सतनाम सिंह को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल बरामद कीं।

चार अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर उनके दो साथियों महावीर सिंह और लवप्रीत उर्फ लव को चार अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। इन चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हेरोइन के व्यापार के लिए एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत मामलों के अलावा शस्त्र अधिनियम और चोरी के मामले शामिल हैं।
दूसरे ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए सीपी ने बताया कि खुफिया जानकारी पर तीव्र कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हरमन उर्फ हम्मा, नरिंदर उर्फ रोबा और करन को काबू करके उनके कब्जे से 3.5 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और 12.10 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद कर ली। इसके अलावा पुलिस टीमों ने आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे उनके मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
तीन अलग-अलग मामले दर्ज
सीपी हरमनबीर सिंह ने बताया कि एक अन्य बड़े ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने गुरजंट उर्फ घुड्डा और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 5.01 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और 85,000 रुपये ड्रग मनी बरामद की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं और अवैध रूप से हेरोइन की तस्करी में शामिल थे।
इस संबंध में थाना कैंट, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8) के तहत एफ.आई.आर. संख्या 148 दिनांक 13.08.2026, थाना छेहरटा में एन.डी.पी.एस. अधिनियम की धारा 21-बी और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफ.आई.आर. संख्या 191 दिनांक 18.08.2026 तथा थाना छेहरटा में ही एन.डी.पी.एस. अधिनियम की धाराओं 21-सी, 27-ए और 29 के तहत एफ.आई.आर. संख्या 189 दिनांक 18.08.2026 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।