Sunday, 20 September 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में कांग्रेसी नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
डेली संवाद, गुरदासपुर। Punjab News: पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक इलाके में कांग्रेस के नेता और सरपंच के 27 वर्षीय भाई की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुखराज सिंह उर्फ काका के रूप में हुई है।
पंजाब (Punjab) पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ सामने आया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
धार्मिक समागम से लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक सुखराज सिंह शनिवार को बाबा श्री चंद जी की जयंती के अवसर पर टाहली साहिब गुरुद्वारे में आयोजित धार्मिक समागम में माथा टेकने गया था। कार्यक्रम के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
मृतक के भाई और गांव के कांग्रेस सरपंच नवदीप सिंह के मुताबिक, रात करीब साढ़े 8 बजे जब सुखराज सिंह बाइक से लौट रहा था, तभी स्विफ्ट कार सवार युवकों ने उसका पीछा किया। आरोप है कि रास्ते में कार अड़ाकर उसकी बाइक रुकवाई गई और इसके बाद कार से उतरे युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

4 से 5 गोलियां लगने से मौके पर मौत
परिजनों के मुताबिक हमले में सुखराज सिंह को करीब 4 से 5 गोलियां लगीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोल भी बरामद किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। मृतक की करीब एक साल पहले शादी हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी।
तीन महीने पहले भी हुआ था हमला
परिजनों ने बताया कि सुखराज सिंह पर करीब तीन महीने पहले भी फायरिंग की गई थी। उस समय वह हमले में बाल-बाल बच गया था। इसके बावजूद दोबारा उसे निशाना बनाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने कहा है कि दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से केस दर्ज हैं और इसी वजह से हत्या को पुरानी आपसी रंजिश से जोड़कर जांच की जा रही है।

गैंग की पोस्ट से हत्या की जिम्मेदारी का दावा
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर ‘आकाश हरीके 47 बादल ग्रुप USA’ के नाम से एक कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें सुखराज सिंह की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में मृतक पर नशे की तस्करी से जुड़े आरोप लगाए गए और हत्या को बदले की कार्रवाई बताया गया।
हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई इस कथित पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी फिलहाल इसे गैंगवार के तौर पर स्वीकार नहीं किया है।
पुलिस बोली- पुरानी रंजिश का मामला
डेरा बाबा नानक थाने के SHO अशोक कुमार के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बटाला भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसलिए शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान होने और जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
पुलिस ने मृतक के भाई नवदीप सिंह के बयान के आधार पर केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।