ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 05 September 2026

Punjab News: पंजाब में स्विमिंग पूल के किनारे बच्चे की मौत, दोस्तों ने दिया CPR; VIDEO में दिखे आखिरी पल

Punjab News: पंजाब में स्विमिंग पूल के किनारे बच्चे की मौत, दोस्तों ने दिया CPR; VIDEO में दिखे आखिरी पल

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना में 15 साल के एक बच्चे की स्विमिंग पूल के किनारे अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के आखिरी पलों का Live Video अब सामने आया है। वीडियो में बच्चा पहले अपने दोस्त के साथ पूल के किनारे बैठा नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगती है।

मृतक बच्चे की पहचान बिंद्रा कॉलोनी निवासी वंश के रूप में हुई है। घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है। परिवार के अनुसार, वंश को पहले से हार्ट से जुड़ी समस्या थी और उसका इलाज दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा था। इलाज के बाद उसकी हालत में काफी सुधार बताया गया था।

दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल गया था वंश

परिवार के मुताबिक, शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद वंश के माता-पिता उसकी अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गए हैं। परिजनों के अनुसार, वंश अक्सर अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल जाता था। 29 अगस्त को भी वह दोपहर बाद दोस्तों के साथ नजदीकी स्विमिंग पूल में नहाने गया था।

बताया जा रहा है कि वंश ने पूल में एक-दो बार डुबकी लगाई और इसके बाद बाहर निकलकर किनारे पर बैठ गया। उसका एक दोस्त उस समय नहा नहीं रहा था, इसलिए वंश उसके साथ बैठकर बातचीत करने लगा। उस समय तक सब कुछ सामान्य था।

अचानक असहज हुआ, अंगड़ाई लेने लगा

सामने आए वीडियो में दिखाई देता है कि वंश शुरुआत में बिल्कुल सामान्य नजर आ रहा था। अचानक वह असहज महसूस करने लगा और हाथों को सिर के ऊपर ले जाकर अंगड़ाई लेने लगा।

इसके बाद वह अपनी जगह से उठकर चलने लगा। बताया जा रहा है कि उस समय उसके दोस्त को अंदाजा नहीं था कि उसकी तबीयत इतनी खराब हो चुकी है।

चलने लगा तो लड़खड़ाया, वापस आकर बैठ गया

परिजनों के मुताबिक, वंश जब पूल के किनारे चलने लगा तो वह खुद को संभाल नहीं पाया और लड़खड़ाने लगा।

इसके बाद वह तेजी से वापस उसी जगह पहुंचा जहां उसका दोस्त बैठा था। वहां बैठकर उसने दीवार के साथ अपना सिर टिकाया और आंखें बंद करने लगा।

दोस्त सेल्फी ले रहा था, तभी बिगड़ी हालत

बताया जा रहा है कि वंश के साथ बैठा उसका दोस्त मोबाइल से सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान मोबाइल की स्क्रीन में उसने वंश को देखा तो वह आंखें बंद करता नजर आया।

कुछ ही सेकंड बाद वंश बेहोश होकर गिरने लगा। उसके दोस्त ने उसे सहारा देकर संभालने की कोशिश की। करीब 10 से 15 सेकंड तक दोस्त उसे संभालता रहा।

दोस्तों ने CPR देकर बचाने की कोशिश की

जब वंश पूरी तरह बेहोश हो गया तो वह दोस्त के हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद उसके दोस्त ने शोर मचाकर वहां मौजूद अन्य लोगों को बुलाया। दूसरे बच्चे भी मौके पर पहुंचे और वंश को उठाने तथा आवाज लगाने की कोशिश की।

वंश को बचाने के लिए उसके दोस्तों ने अपनी तरफ से हर संभव कोशिश की। किसी ने उसके पैर रगड़े तो किसी ने CPR देने का प्रयास किया। इसके बाद स्विमिंग पूल के गार्ड को भी बुलाया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद वंश की जान नहीं बच सकी।

लंबे समय से हार्ट की समस्या से जूझ रहा था वंश

परिजनों के अनुसार, 15 वर्षीय वंश को लंबे समय से हार्ट से जुड़ी समस्या थी। उसका इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा था।परिवार का कहना है कि इलाज के बाद उसकी सेहत में काफी सुधार हुआ था और वह सामान्य जिंदगी जी रहा था। इसी वजह से माता-पिता भी उसे खुश रखने और सामान्य जीवन जीने देने की कोशिश करते थे।

वंश लुधियाना के वार्ड नंबर 87 स्थित बिंद्रा कॉलोनी का रहने वाला था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसकी एक छोटी बहन है। उसके पिता कपड़े का कारोबार करते हैं।