ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 20 August 2026

Punjab News: पंजाब में एडिशनल कमिश्नर से मारपीट, दफ्तर में घुसकर गाली-गलौज; कमीज फाड़ी, सरकारी फोन और चश्मा तोड़ा

Punjab News: पंजाब में एडिशनल कमिश्नर से मारपीट, दफ्तर में घुसकर गाली-गलौज; कमीज फाड़ी, सरकारी फोन और चश्मा तोड़ा

डेली संवाद, लुधियाना। लुधियाना में एक्साइज विभाग के एडिशनल कमिश्नर के दफ्तर में घुसकर उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंकज मल्होत्रा नामक व्यक्ति ने अधिकारी से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के बाद उनकी कमीज फाड़ दी और छाती पर मुक्के मारे। आरोपी पर सरकारी मोबाइल फोन और चश्मा तोड़ने का भी आरोप है।

मीटिंग के दौरान दफ्तर में दाखिल हुआ व्यक्ति

एडिशनल कमिश्नर अमित गोयल के मुताबिक, वह आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान पंकज मल्होत्रा उनके कमरे में दाखिल हो गया। अधिकारी ने जब उससे बिना अनुमति कमरे में आने का कारण पूछा तो वह कथित तौर पर गुस्सा हो गया और ऊंची आवाज में बात करने लगा।

आरोप है कि कुछ देर बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। अधिकारी ने उसे ऐसा करने से रोकते हुए कहा कि यह सरकारी और पब्लिक ऑफिस है। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया और मारपीट शुरू कर दी।

कमीज फाड़ी और छाती पर मारे मुक्के

अमित गोयल ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर कमीज फाड़ दी। इसके बाद धक्का-मुक्की करते हुए उनकी छाती पर मुक्के मारे। अधिकारी के अनुसार, मारपीट के बाद उनकी छाती में दर्द हो रहा था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका सरकारी मोबाइल फोन और चश्मा भी तोड़ दिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अधिकारी के बयान दर्ज किए और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पंकज मल्होत्रा और उसके साथी गौरव डंग के खिलाफ BNS की धारा 132, 221, 121 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों को धमकाने का भी आरोप

अमित गोयल ने आरोप लगाया कि पंकज मल्होत्रा अलग-अलग विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाता रहता है। हालांकि, मारपीट के पीछे आरोपी की वास्तविक मंशा क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।