Thursday, 20 August 2026
पंजाब
Punjab News: केमिकल से भरे ट्रक में लगी आग, हाई-वोल्टेज तारों से टकराया
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) के मोती नगर इलाके में केमिकल से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ट्रक से आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं, जिसके चलते आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आया ट्रक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, केमिकल से लदा ट्रक इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। तारों से निकली चिंगारी के बाद ट्रक में लदे केमिकल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
आग की चपेट में आने से आसपास के कुछ घरों के बिजली मीटर भी जल गए। स्थानीय लोगों ने कुछ घरों में दरारें आने का भी दावा किया है। हादसे के समय कई लोग अपने घरों के अंदर मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए उन्हें पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

चार दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर सब ऑफिसर राजन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया था।
हादसे में कोई हताहत नहीं
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों और हाई-वोल्टेज तारों से ट्रक के संपर्क में आने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
केमिकल से भरे ट्रक में लगी आग के कारण इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। प्रशासन और संबंधित विभाग घटना की जांच में जुटे हुए हैं।